रायगढ़

खर्राघाट से छठघाट तक सीधी सडक़ की सुविधा
27-Apr-2026 6:23 PM
खर्राघाट से छठघाट तक सीधी सडक़ की सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 अप्रैल। शहर के बहुप्रतीक्षित शनि मंदिर छठ घाट मरीन ड्राइव सडक़ निर्माण कार्य का निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा निरीक्षण किया गया।

विशेष बात यह रही कि अवकाश के दिन भी आयुक्त स्वयं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर शहर के विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।

सडक़ निर्माण पूर्ण होने पर शहरवासियों सहित दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को खर्राघाट से छठघाट तक आवागमन के लिए सीधी एवं सुगम सडक़ की सुविधा मिलेगी, जिससे यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। निगम आयुक्त ने बताया कि प्रगति नगर मरीन ड्राइव के निर्माण से खर्राघाट से लेकर छठघाट तक सीधा मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही भविष्य में इस मार्ग को बोदाटिकरा पुल तक विस्तारित करने की योजना है, जिससे शहर के बाहरी क्षेत्रों एवं हाईवे तक पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा के साथ समय की भी बचत होगी। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई तथा संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए किया जा रहा है, इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर निगम इंजीनियर्स, ठेकेदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट