रायगढ़
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जून। रायगढ़ जिले में यातायात की स्थिति गंभीर रूप ले चुकी है। यातायात विभाग के लाख कोशिशों के बावजूद शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम की स्थिति से निजात नही मिल पा रहा है। ऐसे में आज 18 नाला और नए केलो डैम के पास हुए एक सडक़ हादसे के बाद लगा 8 किलोमीटर लंबा जाम अब बढ़ते-बढ़ते शहर की सीमाओं तक प्रवेश कर चुका है। यह एक प्रमुख औद्योगिक मार्ग है, जिसके कारण जाम में सैकड़ों भारी मालवाहक वाहन फंस गए हैं और स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास 18 नाला के समीप नए केलो डैम क्षेत्र में हुई थी। हादसे के तुरंत बाद इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई। चूँकि यह रास्ता रायगढ़ के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ता है, इसलिए यहाँ दिन भर ट्रेलरों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। दोपहर 12 बजे से थमे पहियों के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
देखते ही देखते यह जाम 8 किलोमीटर लंबा हो गया और अब इसका असर शहर के भीतरी हिस्सों में भी दिखने लगा है, जिससे शहरी यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है।
इस जाम में यात्री बसें, भारी मालवाहक वाहन और आम लोगों की निजी गाडिय़ां घंटों से फंसी हुई हैं। चिलचिलाती धूप और एक ही जगह पर फंसे होने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों का हाल बेहाल है। समाचार लिखे जाने तक इस अति व्यस्तम मार्ग पर जाम नहीं खुल सका था।


