रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 15 जून। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी आईपीएल एवं अन्य क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य था । आरोपी अपने साथियों के साथ आनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने और सट्टे से संबंधित रुपये के लेन-देन तथा हिसाब-किताब का कार्य करता था।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं 21,000 नगद बरामद किए गए थे। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किए जाने के प्रमाण मिले थे। पूछताछ में आरोपी अंकित अग्रवाल ने बताया था कि वह अमित अग्रवाल एवं सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा कारोबार संचालित करता था।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया था कि आरोपी सुभेष अग्रवाल आईपीएल एवं अन्य क्रिकेट सट्टा खिलता है और सट्टे रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब का कार्य करता था। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टेबाजों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया था। वहीं, सह-आरोपी अमित अग्रवाल एवं सुभेष अग्रवाल घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के दौरान खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी सुभेष अग्रवाल खरसिया क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को पकडक़र अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया।
फरार आरोपी सक्ती से गिरफ्तार
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत अब तक कई बड़े सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं पुलिस कार्रवाई के दबाव में कई आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण भी किया है। इसी क्रम में थाना साइबर रायगढ़ की टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के फरार आरोपी आकाश पंसारी (32) निवासी ऑफिसर कॉलोनी, सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
फरार आरोपी की पतासाजी के लिए साइबर थाना की टीम लगातार प्रयासरत थी। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना साइबर रायगढ़ की टीम ने सक्ती में दबिश देकर आरोपी आकाश पंसारी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के करण चौधरी सिंडिकेट के साथ ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। आरोपी क्रिकेट सट्टा खिलाने के साथ-साथ सट्टे की रकम को हवाला के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने में भी सहयोग करता था। आरोपी आकाश पंसारी भी करण चौधरी के साथ सट्टा के अवैध कारोबार में जुड़ा हुआ था और हवाला के जरिए सट्टे की रकम को विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने में सहयोग करता था।


