रायगढ़

उधारी वसूलने घर घुसकर मारपीट, गिरफ्तार
15-Jun-2026 6:58 PM
उधारी वसूलने घर घुसकर मारपीट, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 15 जून। कोतवाली पुलिस ने उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी एवं उसके दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

मामले में आशीर्वाद पूरम कॉलोनी रायगढ़ निवासी कमलेश सिंह उम्र 52 वर्ष द्वारा 13 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। प्रार्थी ने बताया कि कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का लगभग 07 लाख रुपये भुगतान आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं कर पाया है।

प्रार्थी के अनुसार, 11 जून की दोपहर गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी अपने हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर अपने साथी मनीष परियानी एवं गिरीश माखीजा के साथ उसके घर में जबरन घुस आया। आरोपियों ने पीडि़त को धमकाते हुए कहा कि ष्तू हम लोगों को नहीं जानता है, तेरा मर्डर करवा देंगे। इसके बाद ललेश अग्रवाल का पैसा वापस करने की बात कहते हुए पीडि़त से 10 लाख रुपये की मांग की गई तथा हाथ-मुक्के और डंडे से उसकी मारपीट की गई।

पीडि़त की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में  धारा 351(3), 115(2), 331(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

कोतवाली पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी गिरीश माखीजा एवं मनीष परियानी के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।


अन्य पोस्ट