रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 7 फरवरी। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक को जबरन वाहन में बिठाकर मारपीट करने और मोबाइल लूटने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, लूटा गया मोबाइल और एक लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 4 फरवरी को ग्राम रायकेरा–कया के बीच हुई। प्रार्थी प्रीतराम चौहान (19 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा ने 5 फरवरी को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 4 फरवरी को दोपहर लगभग 1 बजे वह गांव में ठण्डु यादव के घर के पास खड़ा था। इसी दौरान रोहित दास महंत, हलधर राठिया और उनका एक साथी राजू यादव बोलेरो वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उसे जबरन वाहन में बैठाया और मारपीट करते हुए ग्राम कया ले गए।
प्रार्थी के अनुसार कया पहुंचने पर आरोपियों ने दोबारा मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर वहीं छोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपियों ने आबकारी विभाग को शराब बिक्री की जानकारी देने की रंजिश के कारण यह कृत्य किया।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को रायकेरा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित दास महंत, हलधर राठिया दोनों निवासी रायगढ़, राजू यादव सिंघनपुर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। उनके पास से महिंद्रा बोलेरो निओ वाहन, लूटा गया ओप्पो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है।
थाना घरघोड़ा में आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 140(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। लूट की पुष्टि होने पर धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।


