रायगढ़

मंगल कार्बन प्लांट ब्लास्ट : दो अधिकारियों पर एफआईआर
06-Feb-2026 8:36 PM
मंगल कार्बन प्लांट ब्लास्ट : दो अधिकारियों पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 फरवरी।
जिले में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में बीते दिन एक बड़ा हादसा सामने आया था। प्लांट की फर्नेस (भट्टी) में हुए भीषण विस्फोट के कारण आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और लापरवाही का परिणाम बताया जा रहा है। घटना के बाद, प्रबंधन के खिलाफ दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब प्लांट में फर्नेस का संचालन चल रहा था। अचानक एक जोरदार धमाके के साथ फर्नेस फट गई, जिससे चारों ओर आग फैल गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि प्लांट में काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा उपकरणों की कमी का आरोप
इस हादसे को लेकर स्थानीय समुदाय और श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूत्रों का कहना है कि घटना के समय श्रमिकों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। अक्सर प्लांट में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाता है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। इस बार लापरवाही भारी पड़ी और आठ जिंदगियां झुलस गईं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए, स्थानीय पुलिस ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट आने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट