रायगढ़
रायगढ़, 4 जनवरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बापूनगर इलाके में चोरी की एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मानकेसरी मंदिर के पास स्थित एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए घर का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़ दिया और नकदी सहित कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल रकम लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पीडि़त अंकुर बंधन ने पुलिस को बताया कि उनके किसी निकट रिश्तेदार का निधन होने के कारण वह 30 दिसंबर को अपने परिवार सहित जांजगीर-चांपा गए थे। परिवार 31 दिसंबर को लौट आया, लेकिन घर पहुंचने पर पता चला कि मकान में चोरी हुई है। इसके बाद परिवार ने 1 जनवरी को सिटी कोतवाली रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई।
1 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे, जब परिवार की सदस्य घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। बाद में परिजनों के आने पर चोरी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है।


