रायगढ़

भारी मात्रा में खैर लकड़ी बरामद, गुप्त गोदाम पर छापा
18-Feb-2026 7:47 PM
भारी मात्रा में खैर लकड़ी बरामद, गुप्त गोदाम पर छापा

पंजाब-हरियाणा तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 फरवरी। जिला प्रशासन के निर्देश पर रायगढ़ वन विभाग ने खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 16 फरवरी को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद रायगढ़ वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन पर उप वनमण्डलाधिकारी और उडऩदस्ते की टीम ने दबिश दी, तस्करों में हडक़ंप मच गया और वे लकड़ी से लदा ट्रक लेकर भागने लगे। वन विभाग की सतर्कता के चलते चंद्रपुर मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी-06 2022 को पकड़ लिया गया। गिरोह के सदस्यों की मदद से चालक एक बार फरार होने में सफल रहा, लेकिन बाद में छानबीन के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी चालक और उसके साथी मेलाराम ने बताया कि गिरोह आसपास के जंगलों से खैर की बेशकीमती लकड़ी काटकर सहसपुरी में डंप करता था। इसके बाद लकड़ी को चांपा स्थित मनीष अग्रवाल के एक गुप्त गोदाम में भेजा जाता था। रात लगभग एक बजे रायगढ़ की टीम ने तस्करों का पीछा करते हुए चांपा के अकलतरा भांटा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। चांपा वन विभाग के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। रायगढ़ और चांपा को केंद्र बनाकर तस्कर लकड़ी को ऊंचे दामों पर पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में खपाते थे।


अन्य पोस्ट