रायगढ़

16 मवेशियों को कराया मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
19-Feb-2026 10:11 PM
16 मवेशियों को कराया मुक्त, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 19 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में गौवंश संरक्षण एवं मवेशी तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

कल 17 फरवरी की शाम थाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमापाली से झगरपुर मार्ग होते हुए मवेशियों को ओडिशा बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा ग्राम झगरपुर के पास घेराबंदी कर मेन रोड पर मवेशी ले जा रहे एक युवक को पकड़ा गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम देवानंद यादव बताया। उसके कब्जे से 16 नग गौवंश बरामद किए गए। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने रब्बुल खान नाम के मवेशी तस्कर के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा बूचडख़ाने ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस द्वारा बरामद 16 गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था के लिए सलखिया गौशाला भेजा गया है। प्रकरण में आरोपी देवानंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा  है, वहीं आरोपी राहुल खान की पुलिस द्वारा सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट