रायगढ़

दो नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार
19-Feb-2026 10:35 PM
दो नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 19 फरवरी।  16 फरवरी को थाना लैलूंगा में दो नाबालिग बालिकाओं ने अपने परिजनों के साथ उपस्थित होकर लैलूंगा निवासी युवक प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा के विरुद्ध रेप की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचीं। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल एसडीओपी धरमजयगढ़ को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने एवं पीडि़ताओं की निजता का विशेष ध्यान रखने निर्देशित किया।

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए लैलूंगा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 12 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश तथा घटना में सहयोगी आरोपी जयकिशन धोबा को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार दोनों पीडि़ताएं आपस में सहेली हैं। 17 वर्षीय बालिका ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसका दिसंबर 2025 में ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश पैंकरा से  मोबाइल के माध्यम से परिचय हुआ था। आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का प्रलोभन दिया। 14 फरवरी को आरोपी ने लडक़ी को लैलूंगा मिलने बुलाया। लडक़ी अपनी सहेली (16  के साथ पत्थलगांव होते बस से लैलूंगा पहुंची। अटल चौक लैलूंगा पर आरोपी राहुल अपने दोस्त जयकिशन धाबो के साथ मोटर सायकल से दोनों को लेने आया। चारों ग्राम सोनाजोरी गए, जहां रात में आरोपी प्रकाश और उसके साथी चारों एक बाइक से सोनाजोरी जंगल गये। वहां मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा ने पहले उसकी कथित प्रेमिका के साथ रेप किया, फिर उसकी सहेली के साथ भी रेप किया तथा घटना किसी को बताने पर मारपीट की धमकी दी। दोनों पीडि़ताओं द्वारा अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत कर थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 70 भारतीय न्याय संहिता एवं 4, 6 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज आरोपी एवं उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। 

आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा ने पूछताछ में दोनों युवतियों के साथ रेप करना स्वीकार किया है, जबकि जयकिशन धोबा घटना में सहयोगी पाया गया।  आरोपियों से एक घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जब्त किया गया है।


अन्य पोस्ट