रायगढ़

लैलूंगा में फ्लाई ऐश डंपिंग, पुलिस ने वाहन पकड़े
27-Dec-2025 7:59 PM
लैलूंगा में फ्लाई ऐश डंपिंग, पुलिस ने वाहन पकड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 दिसंबर। रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक क्षेत्र में फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। लैलूंगा पुलिस ने दो दिन पूर्व विभिन्न स्थानों पर फ्लाई ऐश ले जा रहे कई वाहनों को रोका। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई फ्लाई ऐश के परिवहन को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से घरघोड़ा और लैलूंगा ब्लॉक क्षेत्र में फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फ्लाई ऐश ले जा रहे दस से अधिक वाहनों को पकड़ा। लेकिन इस दौरान पर्यावरण विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था।

पुलिस का कहना है कि पकड़े गए वाहन घरघोड़ा और लैलूंगा ब्लॉक क्षेत्र में स्थित टीआरएन एनर्जी कंपनी से निकले थे।  पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक कार्रवाई के बाद यह मामला पर्यावरण विभाग को सौंप दिया गया है।

स्थानीय लोगों और जानकार सूत्रों का कहना है कि फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम कार्यालय और पर्यावरण विभाग से अनुमति आवश्यक होती है। उनका आरोप है कि बिना लिखित अनुमति के फ्लाई ऐश का परिवहन और आसपास के क्षेत्रों में डंपिंग की जा रही थी। कुछ स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा है कि जंगल और आबादी के पास फ्लाई ऐश डंप किए जाने से पर्यावरण पर प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन से शिकायत किए जाने की भी जानकारी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, फ्लाई ऐश के निपटान को लेकर शासन द्वारा दिशा-निर्देश निर्धारित हैं, जिनके तहत एसडीएम कार्यालय और पर्यावरण विभाग की अनुमति आवश्यक मानी जाती है।

हालांकि, इस मामले में नियमों के पालन को लेकर जांच की जा रही है।

फिलहाल, लैलूंगा पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहनों के संबंध में आगे की कार्रवाई पर्यावरण विभाग द्वारा की जानी है।


अन्य पोस्ट