रायगढ़

धान खरीदी पर विवाद, किसानों ने जाम लगाया
23-Dec-2025 4:28 PM
धान खरीदी पर विवाद, किसानों ने जाम लगाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 दिसंबर।
धरमजयगढ़ तहसील के जमरगी धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी को लेकर उस समय गंभीर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब किसानों को 21 क्विंटल धान खरीदी का टोकन जारी होने के बावजूद मंडी प्रबंधन द्वारा केवल 18 क्विंटल धान खरीदे जाने की बात कही गई। इस निर्णय से आक्रोशित किसानों ने धान से लदे अपने वाहन मंडी परिसर के बाहर खड़े कर दिए और साफ शब्दों में ऐलान किया कि जब तक पूरे 21 क्विंटल धान की खरीदी नहीं होगी, तब तक वे धान विक्रय नहीं करेंगे।

किसानों का आरोप था कि मंडी परिसर की दीवार पर 18 क्विंटल धान खरीदी से संबंधित एक चिटठा चस्पा किया गया है, लेकिन उस आदेश पर किसी भी सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर मौजूद नहीं थे। किसानों ने सवाल उठाया कि बिना हस्ताक्षर और अधिकृत आदेश के इस तरह का फरमान आखिर किसके कहने पर लगाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे और 18 क्विंटल खरीदी से संबंधित आदेश को लिखित एवं हस्ताक्षरित रूप में प्रस्तुत करने की मांग करने लगे।

इसी बीच भाजपा मंडल अध्यक्ष धरमजयगढ़ भरत लाल साहू मंडी पहुंचे (बाकी पेजï 5 पर)
 और प्रशासन तथा किसानों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई। बातचीत के बाद पटवारी सत्यापन के आधार पर धान विक्रय किए जाने पर सहमति बनी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी और खरीदी प्रक्रिया आगे बढ़ी।

हालांकि, प्रशासन द्वारा सतत निगरानी के दावों के बावजूद इस तरह की शिकायतें यह स्पष्ट संकेत देती हैं कि धान खरीदी व्यवस्था में अब भी गंभीर खामियां मौजूद हैं और जमीनी स्तर पर अव्यवस्था पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। यह पूरा घटनाक्रम प्रशासनिक दावों और वास्तविक स्थिति के बीच के अंतर को उजागर करता है।
 


अन्य पोस्ट