रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 दिसंबर। दुकान के उपर फ्लैक्स लगाते समय हाई टेंशन तार के संपर्क में आकर झुलसे एक युवक की उपचार के दौरान राजधानी रायपुर में मौत हो गई वहीं दूसरे चचेरे भाई का इलाज जारी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल थानान्तर्गत बाईपास मार्ग पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास महादेव मोटर्स के संचालक कबीर चौक निवासी हेमंत सिंह के पुत्र रोहन सिंह व उसका चचेरा भाई दीपक सिंह गत 11 दिसंबर की शाम को फ्लैक्स लगा रहे थे। इस दौरान 11 हजार वोल्टेज के हाई टेंशन तार के संपर्क में रोहन आ गया था साथ ही नीचे खड़े दीपक सिंह भी करंट की चपेट में आ गया था।
करंट की चपेट में आने से रोहन सिंह का पैर का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया था तथा दीपक सिंह का भी हाथ जल गया था। दोनों को तत्काल पास के ही निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया जहां प्रारंभिक इलाज के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सघन उपचार के लिए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया था। वहीं रायपुर में इलाज के दौरान गुरूवार को रोहन सिंह ने जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए दम तोड़ दिया। वहीं दीपक सिंह का उपचार जारी है।


