रायगढ़

दोस्त पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार
19-Dec-2025 6:50 PM
दोस्त पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 19 दिसंबर। घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टंगिया से हमला कर  गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में प्रार्थी सतीश कुमार राठिया पिता कृ उम्र 25 वर्ष निवासी जोबी ने 15 दिसंबर को पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी मायके गई हुई है, जिसके चलते वह अपने दोस्त राम गोपाल यादव के घर पर साथ में खाना बनाकर खाता था। 13 दिसंबर शनिवार की रात मछली की सब्जी बनाने को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई। इसी दौरान सतीश द्वारा यह कहे जाने पर कि वह ही हमेशा खाना बनाता है और राम गोपाल कोई सहयोग नहीं करता, आरोपी राम गोपाल यादव गाली-गलौज पर उतर आया और पास में रखे टंगिया को उठाकर सतीश पर हमला कर दिया।

मारपीट की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में धारा 296, 351(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घायल सतीश कुमार राठिया का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया। गंभीर चोट की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 118(2) भारतीय न्याय संहिता की वृद्धि की गई।

पुलिस द्वारा आरोपी राम गोपाल यादव पिता फिर सिंह उम्र 20 वर्ष  को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा घटना में प्रयुक्त टंगिया को विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को आज न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट