रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 दिसंबर। रायगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम कोयलंगा-भुइयांपाली मार्ग पर एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 24 क्विंटल धान जब्त किया गया।
एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा ने बताया कि वाहन क्रमांक सीजी 13 एएच 4452 को जांच के दौरान रोका गया, जिसमें लगभग 60 कट्टों में भरा 24 क्विंटल धान परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक किशोर प्रधान द्वारा पूछताछ में बताया गया कि धान किसान कमलेश साहू का है, जिसे जामगांव धान उपार्जन केंद्र ले जाया जा रहा है। जब जामगांव धान उपार्जन केंद्र में संबंधित किसान के नाम से जारी ऑनलाइन टोकन की जांच की गई, तो उक्त तिथि का कोई वैध टोकन दर्ज नहीं पाया गया। इसके आधार पर धान को अवैध रूप से परिवहन किया जाना प्रमाणित हुआ। तत्पश्चात मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए धान को जब्त किया गया।


