रायगढ़

रायगढ़ की सभाओं व रोड शो में जुटी ऐतिहासिक भीड़
रोड शो के खेवनहार बने खरसिया विधायक उमेश पटेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 फरवरी। रविवार को रायगढ़ में आई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भीड़ आने के बाद कांग्रेस काफी उत्साहित नजर आई। जब 8 फरवरी को राहुल गांधी जिले के ओडिशा बॉर्डर में न्याय यात्रा आई थी उस समय भीड़ न होने से पार्टी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद कांग्रेस ने 11 तारीख की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को हिट करने का जिम्मा बांटा। खरसिया विधायक व पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने इसे चुनौती के रूप में लेते हुए रविवार के लिए तैयारी की और रविवार को शहर में निकाली न्याय यात्रा सफल होते दिखी। शहर में राहुल गांधी की 1.4 किमी की यात्रा थी। राहुल गांधी इस दौरान खुली जीप पर सवार थे। न्याय यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश, उप मुख्यमंत्री टीएस बाबा,विधायक प्रकाश नायक, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहे। प्रदेश के कई पदाधिकारी और नेताओं ने भी इस यात्रा में हिस्सा लिया।
8 फरवरी को दरअसल राहुल गांधी का प्रोग्राम अंतिम समय तक बदलते रहा यही कारण रहा कि भीड़ को सभा स्थल तक पहुंचने काफी कन्फ्यूजन हुआ और कम भीड़ सभास्थल में पहुंची। इसे लेकर जहां कांग्रेस के आलाकमान सहित मीडिया ने भी महसूस किया था। उमेश पटेल जो इस जिले के कद्दावर कांग्रेस नेता है उन्होंने 11 के कार्यक्रम को सफल बनाने बीड़ा उठा लिया था और अंतत: उसमें सफल भी रहे।
राहुल गांधी का रोड शो गांधी प्रतिमा से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्ग सिविल लाइन होकर निकली। गांधी प्रतिमा से निकलने के बाद स्टेशन चौक पर कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इसके बाद सतीगुड़ी चौक में भी राहुल गांधी का जबरदस्त स्वागत हुए। घड़ी चौक में कांग्रेस नेता विभाष सिंह ने राहुल गांधी का स्वागत किया। वहां उन्होंने राहुल गांधी को गुलाब भी भेंट की।