रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 फरवरी। रायगढ़ जिला मुख्यालय में शुक्रवार की दोपहर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन हुआ है। इस दौरान उन्होंने कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया।
कर्नल विप्लव त्रिपाठी नवंबर 2021 में अपनी ड्यूटी के दौरान मणिपुर में एंबुश का शिकार हो गए थे और इस घटना में उनकी पत्नी और उनका बेटा भी शहीद हो गया था। शुक्रवार 2 फरवरी को शहीद विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट के सदस्यों के द्वारा कर्नल त्रिपाठी के प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय ने पहुंचकर प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्हें अमन किया।
इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, प्रबल प्रताप जूदेव, भाजपा नेता विजय अग्रवाल, सुभाष पाण्डेय के अलावा अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रायगढ़ की पावन भूमि पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण हुआ आज यह दिन रायगढ़ के लिये ऐतिहासिक दिन है। रायगढ़ के इस वीर सपूत की कहानियां रगो में जोश भर देती है। कर्नल विप्लव ने हर मोर्चे पर दुश्मनो को सबक सिखाया है और दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो गए। कर्नल विप्लव ऐसे शेर से जिसका सामना करने में दुश्मन भी घबराते थे। इसीलिये आतंकवादियों ने एंबुश कर उन्हें फंसाया और हमला किया।
इस हमले के दौरान कर्नल विप्लव त्रिपाठी अपने परिवार के साथ थे। इस दौरान आतंकवादियों ने गाड़ी के दोनों तरफ से गोलियों की बौछार कर दी। इस दौरान शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने अपने सर्विस रिवाल्वर के आखरी गोलियों तक आतंकवादियों का मुकाबला किया।
अंतत: अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वीर गति को प्राप्त हो गए। ऐसे वीर कर्नल विप्लव त्रिपाठी पर रायगढ़ ही नहीं अपितु पूरे देश को नाज है और कर्नल विप्लव ऐसे परिवार से थे, जिनकी तीन पीढ़ी देश सेवा में लगी हुई है।
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के मामा राजेश पटनायक द्वारा विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम के जीर्णोद्वार करने की मांग किये जाने के संबंध में सीएम ने कहा कि रायगढ़ विधानसभा के विधायक छत्तीसगढ़ में वित्त मंत्री हैं, पूरे प्रदेश की खजाने की चाबी उनके पास है। तो हम दोनों मिलकर इस स्टेडियम का कायाकल्प करेंगे।
रायगढ़ से हमारा बहुत पुराना नाता रहा है। तीन से चार बार आप लोगों ने मुझे सांसद बनाया है और आज हम छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के रूप में है तो इसमें भी रायगढ़वासियों का बहुत बड़ा आशीर्वाद है।
ओपी ने कहा- कर्नल विप्लव देश प्रेम की नजीर
रायगढ़ के शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में वीर शहीद विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा के अनावरण करने के बाद रायगढ़ विधायक व प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हर रायगढ़ वासी को गर्व है कि शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी रायगढ़ की धरती पर पैदा हुए। उन्होंने देश दुनिया के सामने देश प्रेम की नजीर रखी। ओपी चौधरी ने कहा कि शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी देवत्व से ऊंचे धरातल को प्राप्त करने वाले व्यक्ति हैं। आज की हमारी पीढ़ी देश के लिए उनके योगदान को हमेशा याद करेगी।
ग्रंथालय का नाम शहीद विप्लव त्रिपाठी करने की मांग
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शहीद वीर विप्लव त्रिपाठी के जिला ग्रंथालय का नाम शहीद विप्लव त्रिपाठी ग्रंथालय करने की मांग सीएम से की। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि वो आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कार्य उनकी स्मृति हमारे लिए प्रेरणा के रूप में हमेशा मौजूद रहेगी। अग्निविर भर्ती के प्रशिक्षण की नि:शुल्क व्यवस्था की जायेगी और रायगढ़ में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की स्मृति में अग्निवीर भर्ती कैंप का आयोजन किया जाएगा।