रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 28 दिसंबर। मुख्यमंत्री बनने के बाद बुधवार को पहली बार रायगढ़ पहुंचे प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय। इस दौरान कबीर चौक में भाजपा नेताओं एवं शहर के नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय विधायक व केबिनेट मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे मुख्यमंत्री साय का हेलीकाप्टर जिंदल हवाई पट्टी पर उतरा उनके साथ कई मंत्री भी साथ थे। उसके बाद रायगढ़ के कबीर चौक से उनका रोड शो शुरू हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कबीर चौक पहुंचते ही हजारों की संख्या में लोगों ने नारेबाजी करते हुए उनका फूल मालाओं से स्वागत करते हुए गगनभेदी नारे लगाये उस वक्त उनके साथ ओपी चौधरी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री के रायगढ़ पहुंचते ही शहर की जनता ने उन्हें उनके आगमन पर जोरदार स्वागत करते हुए फूल मालाओं तथा ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए नारे भी लगाये। रोड शो के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा केबिनेट मंत्री ओपी चौधरी का हर चौक-चौराहों पर स्वागत किया गया। ओपी चौधरी का भी रायगढ़ विधायक बनने के बाद केबिनेट मंत्री का पद ग्रहण करने पर यह पहला रायगढ़ आगमन था और अपने नेताओं के स्वागत के लिये पूरा शहर हजारों की संख्या में अपने नेता का स्वागत करने के लिये उमड़ पड़े।
शहर के चौक -चौराहों से होते हुए यह रोड शो भाजपा कार्यालय के पास पहुंचा वहां भी बड़ी संख्या में अनेक संस्थाओ के लोगों ने स्वागत किया। वहीं भाजपा के भी महिला व पुरूष कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में विष्णुदेव साय व ओपी चौधरी का फूल मालाओं से स्वागत करते हुए नारे लगाये। इस अवसर पर ओपी चौधरी ने शहर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनको भारी मतों से जीताकर विधानसभा मेंं भेजा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्शीवाद से वे केबिनेट मंत्री भी बनाये गए हैं अब वे रायगढ़ के विकास के लिये हर संभव प्रयास करेंगे और सुबह 6 बजे से ही वे काम में लग जाते हैं। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तर्ज पर भ्रष्टाचार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी कोई भी शिकायत आती है तो उनकी खैर नहीं होगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने भी रायगढ़ संसदीय क्षेत्र का याद करते हुए जनता को बताया कि वे यहां से चार बार सांसद रह चुके हैं और उनकी जीत 6 हजार से शुरू होकर 2014 में 2 लाख से भी अधिक मतों से जीताकर जिले की जनता ने उन्हें लोकसभा में भेजा था। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के प्रति समर्पित हैं और एक के बाद एक निर्णय लेकर वे छत्तीसगढ़ की जनता के हितों के लिये काम कर रहे हैं और आने वाले समय में उनकी हर घोषणा को पूरा करेंगे।
धान से तौलकर मुख्यमंत्री का स्वागत
धान बोनस मिलने की खुशी से चारो ओर उत्साह का माहौल है। रायगढ़ की जनता धान बोनस मिलने की खुशी से उत्साहित है। उन्होंने धान से तौलकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 20 साल तक सांसद के रूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कर्मभूमि रही है रायगढ़। रायगढ़ की धरा पर मुख्यमंत्री के रूप में प्रथम आगमन पर स्वागत और अभिनंदन के लिए लोगों में अपार उत्साह है। शहर के साथ गांवों से बड़ी संख्या में भी पहुंच रहे हैं।
प्रतिमा अनावरण की तिथि निर्धारित करेंगे तो मैं आऊंगा-सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के वीर सपूत शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी एवं माता आशा त्रिपाठी से सर्किट हाउस में मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी भी इस दौरान उपस्थित रहे। परिजनों ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में आने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम उनके सर्वोच्च बलिदान के सदैव ऋणी रहेंगे। आप जब भी प्रतिमा अनावरण की तिथि निर्धारित करेंगे, मैं उसमें उपस्थित होऊंगा।