रायगढ़
हरसंभव मदद का दिया भरोसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 अक्टूबर। गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर आये हुए थे। उन्होंने प्रदेश भाजपा की बड़ी बैठक ली। जिसके खत्म होने के बाद उन्होंने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने शहीद की माता आशा त्रिपाठी और पिता सुभाष त्रिपाठी को ढांढस बंधाया।
इस दौरान उन्होंने त्रिपाठी दंपत्ति से कुशलक्षेम पूछते हुए उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। शहीद के माता पिता निजी कार्य से रायपुर गए थे, इसी बीच उनकी मुलाकात गृहमंत्री से होनी तय हुई।
इस दौरान शहीद के माता-पिता के साथ रायगढ़ के समाजसेवी व रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चैयरमैन सुनील रामदास, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शीला तिवारी और रायगढ़ जिला अमेचर कबड्डी संघ के सचिव राजेश पटनायक मौजूद थे। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता को माननीय गृहमंत्री अमित शाह से समय उपलब्ध कराने हेतु सामाजिक कार्यकर्ता एवं रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास की अहम भूमिका रही है।


