रायगढ़

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव, झांकियों के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
08-Sep-2023 2:24 PM
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव, झांकियों के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 सितंबर।
जिले की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक व रचनात्मक कार्यो में अग्रणी संस्था श्री श्याम मंडल द्वारा श्याम बगीची में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव 2023 में अभी तक तकरीबन 2 लाख लोगों ने झांकियों के दर्शन किए हैं।  बीती रात बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, सांसद गोमती साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी, नगर निगम के पूर्व सभापति सुरेश गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया सहित अन्य नेताओं ने श्याम मंदिर पहुंचकर श्री श्याम प्रभु के दरबार में माथा टेका और श्याम बगीची में प्रदर्शित झांकियों का दर्शन लाभ लिया।

प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने बताया कि रायगढ़ का यह भव्य मेला मथुरा वृन्दावन के बाद इतने वृहद स्तर पर मनाया जा रहा है। पांच दिनों तक यह नगर मथुरा वृन्दावन का स्वरूप धर लेता है। जगह-जगह रायगढ़ वासियों द्वारा भंडारा एवं मटकी फोड़ो, बाल कृष्ण सजाओ स्पर्धा सहित अन्य आयोजन होते हैं। दानवीर सेठ किरोड़ीमल द्वारा तकरीबन 60 वर्ष पूर्व गौरी शंकर मंदिर में प्रभु की लीलाओं पर आधारित झांकियों के प्रदर्शन की शुरुआत की गई थी,  जो आज भी जारी है। वर्तमान में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ छत्तीसगढ़ की लोक परम्पराओं, पौराणिक कथाओं पर आधारित झांकियां सजाई जा रही हैं। मथुरा के बाद इस तरह का उत्सव पूरे देश में सिर्फ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर मे सजाया जाता है, जिसे देखने छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से एवं मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों से श्रद्धालुओं का 5 दिनों तक तांता लगा रहता है। श्याम मंडल द्वारा संजय काम्पलेक्स स्थित श्याम बगीची में पिछले 27 वर्षों से नई-नई झांकियां सजाई जा रही हैं।  

9 सितंबर तक होगा झांकियों का प्रदर्शन
मंडल के प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल ने बताया कि निश्चित रूप से हमारा रायगढ़ का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झुला उत्सव एक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान निर्मित कर चुका है, जिससे पूरा रायगढ़ शहर अभिभूत है। मेले का आकर्षण प्रतिवर्ष बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं की संख्या देखते ही बनती है। सभी ने श्याम मंडल द्वारा श्याम बगीची में आयोजित इन झांकियों के आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए मुक्तकंठ से प्रशंसा की। श्याम बगीची में झांकियों का प्रदर्शन 9 सितंबर को होगा। जिन श्रद्धालुओं ने अभी तक झांकियों के दर्शन नहीं किए हैं, वे 9 सितंबर तक श्याम बगीची में पहुंचकर दर्शन लाभ ले सकते हैं।    
 


अन्य पोस्ट