रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 अगस्त। हमारे देश की आन, बान व शान तिरंगा है। हर देशभक्त के दिल में तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर मकसद तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर संकल्प तिरंगा होता है। तिरंगा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानी व वीर अमर शहीदों से युवा पीढ़ी प्रेरणा लेकर देश की रक्षा के हँसते हुए अपनी जान कुर्बान करने सदैव तत्पर रहते है। रायगढ़ नगर के देशभक्तों की इसी दिल की बात को अनुभव कर गौतम अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा निकालना सुनिश्चित किया। राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की पावन संध्या 4 बजे गांधी गंज परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें नगर के हर समाज, हर समुदाय व हर वर्ग के लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज की।
तिरंगा यात्रा इन चौकों से होकर गुजरी
रायगढ़ शहर के देशभक्तों के मन के अनुकूल गौतम अग्रवाल द्वारा निकली गई तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रायगढ़ स्थित गांधी गंज परिसर से किया गया। गांधी गंज से तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी चौक होते हुए कारगिल चौक, गुरुद्वारा रोड से गद्दी चौक होते हुए मंदिर चौक पहुँची। तत्पश्चात मंदिर चौक से शहीद चौक, गोपी टॉकीज होते हुए अग्रसेन चौक, सुभाष चौक से होते हुए बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओं स्टेशन चौक पहुँची। तिरंगा यात्रा में नगर के प्रतिष्ठित गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों, पुलिसकर्मियों व मीडियाकर्मियों सहित हजारों की संख्या में उपस्थित रहे।
इन स्थानों पर दी गई शहिदों को श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता सेनानी अमर वीर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदानों को याद किया गया। सबसे पहले गांधी गंज परिसर से तिरंगा यात्रा प्रारम्भ कर सर्वप्रथम महात्मा गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी योगदान व बलिदान को याद किया गया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा का गद्दी चौक स्थित फैशन पार्क प्रतिष्ठान में जूस, चाकलेट, आईसक्रीम आदि इंतजाम के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी देशभक्तों का स्वागत किया गया। स्वागत के क्रम में रामनिवास टॉकीज चौक में आइसक्रीम खिला कर देशभक्त रायगढ़वासियों का स्वागत किया गया। उसके बाद यात्रा का अंतिम पड़ाव बेटी बचाओ स्टेशन चौक पर तिरंगा यात्रा के पहुंचने पर दिव्य शक्ति संस्था से जुड़े सदस्यों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का देशभक्ति संगीत के माध्यम से स्वागत अभिनंदन किया।
ये रहा आकर्षण का केंद्र
पूरी तिरंगा यात्रा के दौरान सभी देशभक्तों के मन को मोह लेने वाला बच्चों व बहनों की स्काटिंग टीम ने अपनी जल्वा बिखेरी है। इन बच्चों के द्वारा यात्रा के दौरान आगे-आगे हाथों में तिरंगा लिए स्केटिंग चलाना आकर्षण का केंद्र रहा और सभी शहरवासियों ने बच्चों की स्केटिंग के प्रदर्शन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विकास श्रीवास ने शहर के ऐसे अनेक बच्चों को स्केटिंग की प्रशिक्षण देकर उनके आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं प्रतिभा को निखारने का काम किया है। अंत में गौतम अग्रवाल ने सबका आभार जताया।