रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 अगस्त। रायगढ़ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद वा मेंबर ऑफ काउंसिल संजय देवांगन ने एमआईसी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे में महापौर द्वारा सम्मान नहीं दिए जाने, एमआईसी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
संजय देवांगन ने बताया कि महापौर के द्वारा एमआईसी के निर्णयों का सम्मान नहीं किया जाता है, सदस्यों के साथ व्यवहार अच्छा रखने के बजाए अधिकारियों के प्रति नरम रुख रखा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां सम्मान ही नहीं वहां रहकर क्या किया जा सकता है। उन्होंने कहा हम पार्षद रहकर भी जन सेवा कर सकते हैं।
इधर संजय देवांगन के इस्तीफे के बाद यह अटकलें शुरू हो गई है कि इनकी जगह कौन लेगा। क्या संजय देवांगन को ही वापस लिया जाएगा या उनकी जगह किसी पार्षद को दिया जाएगा।
विश्वस्त सूत्रों की मानें तो संजय देवांगन की जगह किसी पार्षद को एमआईसी सदस्य बनाया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जनता है लेकिन बताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद सपना सिदार को उनकी जगह लिया जाएगा।


