रायगढ़

भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार को करेंगे उजागर- अभिषेक सिंह
तीन दिनों में प्रदेश के तीन सौ गोठानों तक पहुंचने का लक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 मई। छत्तीसगढ़ में गोठानों के निर्माण के साथ-साथ गोबर बेचने में किये गए बड़े भ्रष्टाचार की पोल खोलने को लेकर भाजपा तीन दिवसीय अभियान चलाकर करीब 3 सौ से अधिक गोठान पहुंचकर छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के भ्रष्टाचार को सामने लाएगी। इस गोठान चलो अभियान के माध्यम से पंचायतों को दिये जाने वाले फंड का दुरूपयोग के अलावा गौ मूत्र एवं गोबर खरीदी में करोड़ो का भ्रष्टाचार जनता के सामने लाने के लिये तीन दिनों तक भाजपा के पदाधिकारियो के साथ-साथ एक प्रतिनिधि मंडल शहर से लेकर गांव तक बनाए गए गोठानों में पहुंचेगा और वहां किये गए खर्चो के साथ-साथ रख रखाव का जायजा लेकर छत्तीसगढ़ की पंचायती राज व्यवस्था के नाम पर की गई गड़बडिय़ों को सामने लाएंगे।
ओपी चौधरी ने कहा कि कांगे्रस सरकार की भ्रष्टाचार नीतियां, ग्राम पंचायतों की जो दुर्दशा हुई है। ग्राम पंचायतों को जो कस्ट झेलना पड़ा है। ग्राम पंचायत के सरपंच सरकार के दबावपूर्ण योजना में आकर उधार में फंसे हैं, उनके प्रति हमारी सहानुभूमि है। कांगे्रस के विधायक, कांगे्रस की सरकार, कांगे्रस के मुख्यमंत्री से हमारी आपत्ति है। उसी बात को लेकर गोठान के पोल खोलने का काम चलबो गोठान, खोलबो पोल के माध्यम से हम पूरे छत्तीसगढ़ में यह आंदोलन करने जा रहा है और प्रथम चरण में 405 मंडलों में 405 अतिथि जा रहे हैं। उसके माध्यम से चार हजार से अधिक गोठानों के पोल खोलने का काम किया जाएगा। उसके पश्चात जिला के प्रमुख लोगों के माध्यम से गोठान का निरीक्षण कर पोल खोलने का काम किया जाएगा।
गोठान समिति का चुनाव होना था, लेकिन सभी गांवों में चुनाव नही किया गया बल्कि कांगे्रस के चंद लोगों के द्वारा भ्रष्टाचार करने के लिये उसमें कब्जा कर लिया गया है। वह एक महत्वपूर्ण विषय है। सरकार ने यह नियम बनाया कि प्रत्येक गोठान में 3 सौ गाय रखी जाएगी। लेकिन आज अधिकांश गोठानों में एक भी गाय नही है।
अभिषेक सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांगे्रस सरकार भ्रष्टाचार के नवीनतम कीर्तिमान स्थापित कर चुकी है। पिछले साढ़े चार सालों में प्रदेश के मुखिया प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के नये कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। उनसे एक नायाब कीर्तिमान की चर्चा करने आज हम आप सभी के बीच में उपस्थित हुए हैं। जब देखा जाए छत्तीसगढ़ के गोठानों की हालत क्या है। जनता गांव के ग्रामीण इस बात से भली भांति परिचित हैं लेकिन प्रदेश स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर कांगे्रस सरकार की सच्चाई सामने लाने के लिये चलबो गोठान, खोलबो पोल की संरचना भारतीय जनता पार्टी ने की है। कांगे्रस सरकार के विधानसभा पटल पर यह जवाब दिया कि कोरबा जिले में 3 हजार किलो गोबर चोरी हो गया। छत्तीसगढ़ के कांगे्रस सरकार में अब चोरी की इतनी विलक्षण प्रतिभाएं सामने आने लगी है कि एक जिले से तीन हजार किलो गोबर चोरी होता है। ये जवाब इसलिये आया कि वो तीन हजार किलो गोबर खरीदी कहां से हुई, वो रखा कहा है इसका हिसाब किताब देना सरकार के पास कोई जवाब नहीं है।
इसी तरह दूसरे जिले से जवाब आया कि गोबर बारिश में बह गया। ऐसे अनेको उदाहरण सामने आ चुके हैं। 2020 के जुलाई महीने में इस योजना की शुरूआत हुई थी। जुलाई महीने से मार्च 2021 तक प्रतिमाह औसतन 18 हजार किलो गोबर की खरीदी की गई।
लेकिन जैसे ही 2021 का अपै्रल महीना शुरू हुआ और 2021 अपै्रल से 2022 मार्च तक इस एक साल में मात्र सिफ पांच हजार किलो गोबर की खरीदी हुई, ऐसे में क्या छत्तीसगढ़ के गायों ने गोबर देना बंद कर दिया।