रायगढ़

होली पर रंग में भंग डालने का प्रयास कर रही है निगम प्रशासन- विवेक
05-Mar-2023 8:20 PM
होली पर रंग में भंग डालने का प्रयास कर रही है निगम प्रशासन- विवेक

विपक्ष ने विधायक को किया कटघरे में खड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 मार्च। भाजपा के प्रदेश कार्यसमित के सदस्य विवेक रंजन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए शहर विधायक प्रकाश नायक की निष्क्रियता पर सवाल उठाये हंै। श्री सिन्हा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन होली जैसे त्यौहार के समय रंग में भंग डालने का प्रयास कर रही है। सबसे पहले उनके द्वारा लिखित आदेश जारी करते हुए शहर के चौक-चौराहों में होली न जलाने का फरमान जारी कर दिया था।     

विवेक रंजन सिंहा ने सवाल किया कि आखिर शहर विधायक प्रकाश नायक है कहां ? उनके इस तरह लापता हो जाने के पीछे कारण क्या है ? साढ़े चार साल में एक भी विकास कार्य को अंजाम देने में विफल प्रकाश नायक क्या अब जनता से लुकते -छिपते फिर रहे हैं, प्रकाश नायक को इसका जबाब देना चाहिए।

हुआ बवाल तो जागे जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी

होली को लेकर बवाल होने के बाद एक तरफ जहां जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने सफाई देते हुए होली को पूर्ववत निर्धारित स्थल पर ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दहन करने की बात कही है, वहीं होलिका दहन को लेकर विधायक प्रकाश नायक ने भी फ्रंट लाईन में आते हुए दो टूक कहा कि होलिका दहन तो वहीं होगा जहां तय है और वे स्वयं वहां मौजूद रहेंगे।

दरअसल, होलिका दहन के लिये निगम के फरमान के बाद स्थानीय निवासी विधायक के पास पहुंचे थे तथा नगर निगम के मनमाने रवैये के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। जिस पर श्री नायक ने भी नाराजगी जताते हुए साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि शहर में होलिका दहन उन्हीं स्थानों पर होगा, जहां अब तक होता आया है।


अन्य पोस्ट