रायगढ़

भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को ले कांग्रेस का प्रदर्शन
03-Dec-2022 10:11 PM
भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग  को ले कांग्रेस का प्रदर्शन

रायगढ़, 3 दिसंबर। मुख्यमंत्री के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करते हुए पुलिस प्रशासन को धमकी देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कल सरिया थाना पहुंचकर भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए गिरफ्तार करने की मांग की।

विदित हो कि विगत दिनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरिया थाना पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। बताया जाता है कि सरिया थाना से लगे हग्राम पंचायत कंचनपुर में शासकीय संपत्ति की चोरी के मामले में पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए भाजपाइयों ने सरिया थाना पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए चोरी के मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की थी।

जिस पर कांग्रेस के द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने वाले भाजपा नेता के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करते हुए शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर थाने में प्रदर्शन किया। पुलिस ने कांग्रेस जनों से आवेदन लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है।

पुलिस का कहना है कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे कमल प्रधान कंचनपुर के साथ कांग्रेस जन बड़ी संख्या में यहां पहुंचे थे और भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु आवेदन दिए हैं. आवेदन को उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया गया है. इस मामले पर कांग्रेस का कहना है कि यदि शीघ्र ही भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा। इसी के साथ कांग्रेस का कहना है कि यदि आवेदन पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो मामला विधानसभा में भी गूंजेगा।


अन्य पोस्ट