रायगढ़

स्काई एलॉयज पॉवर प्लांट हादसे को लेकर जोगी कांग्रेस बिफरी
13-Sep-2021 9:04 PM
स्काई एलॉयज पॉवर प्लांट हादसे को लेकर जोगी कांग्रेस बिफरी

प्लांट के मालिक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायगढ़, 13 सितंबर।
खरसिया विधानसभा क्षेत्र के टेमटेमा में लगे स्काई एलॉयज पॉवर प्लांट में हुए हादसे को लेकर जिले की जोगी कांगे्रस युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने प्लांट के मालिक पर हत्या का मामला दर्ज करके मृतक श्रमिक परिवारों को 50-50 लाख रूपए मुआवजा देने की मांग की है। 

रविवार सुबह इस उद्योग में भारी भरकम सेलो टैंक गिरने से वहां काम कर रहे तीन मजदूरों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी और तीन मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
इस घटना को लेकर रायगढ़ लोकसभा के जनता कांग्रेस जोगी युवा मोर्चा के अध्यक्ष तरूण सिंह ठाकुर व मोनू केसरी अध्यक्ष जनता कांग्रेस जोगी युवा मोर्चा विधानसभा खरसिया ने अपनी विज्ञप्ति के माध्यम से जिला प्रशासन को चेताते हुए तत्काल मृतक परिवार को सहायता राशि और घायल श्रमिक परिवारों को भी उचित इलाज एवं मुआवजा की मांग दोहराते हुए प्लांट के मालिक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। 

जोगी जनता कांग्रेस के इन नेताओं ने जारी विज्ञप्ति में यह आरोप लगाया है कि प्लांट प्रबंधन की लापरवाही के चलते इतनी बड़ी दुर्घटना घटी है, आखिर उद्योग की लापरवाही और कितने बेकसूर श्रमिकों की जान लेगा। असमय श्रमिकों की मृत्यु के बाद रायगढ़ जिला व पुलिस प्रशासन के द्वारा अब भी सिर्फ खानापूर्ति कर अपना पल्ला झाड़ लिया। जिसे बर्दाश्त नही किया जाएगा। मांग नहीं माने जाने पर जोगी जनता कांग्रेस के इन नेताओं ने चेतावनी दी है कि सडक़ में उतरकर स्काई एलॉयज पॉवर प्रोजेक्ट और खरसिया पुलिस थाने का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करते हुऐ एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी। 

 


अन्य पोस्ट