महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कल गुरूवार को ग्राम भोरिंग के उपमंडी में आयोजित एक कार्यक्रम में एक करोड़ 38 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया। जिसमें 44.98 लाख की लागत से नवीन मंडी प्रांगण पिटियाझर में कर्मचारी वर्ग के लिए दो नग स्टाफ क्वार्टर निर्माण, 46.26 लाख की लागत से लागत से नवीन मंडी प्रांगण पिटियाझर में अधिकारी वर्ग के लिए दो नग स्टाफ क्वार्टर निर्माण तथा 47.10 लाख की लागत से उपमंडी भोरिंग में सेंड्री शाप निर्माण कार्य शामिल हैं।
उपमंडी भोरिंग में कल गुरूवार को भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री चंद्राकर थे। अपने संबोधन में संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद में स्टाफ क्वार्टर व भोरिंग में दुकान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। जिसे ध्यान में रखकर इसके लिए अनुशंसा की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में काबिज कांग्रेस सरकार किसानों की सरकार है। किसी भी कीमत पर प्रदेश के किसानों के साथ अन्याय होने नहीं दिया जाएगा। राज्य की भूपेश सरकार ने केंद्र सरकार के अंडग़ेबाजी के बावजूद भी धान खरीदी कर किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाई है। किसानों से 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने वाला छत्तीसगढ़ राज्य देश का पहला राज्य है।
उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर फैसला ले रही है। चुनाव के समय जो वादे किए गए थे उसे पूरा किया जा रहा है। कर्जमाफी के साथ ही किसानों के धान को 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल में खरीदी की। वहीं पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों के साथ सिर्फ वादाखिलाफी की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, त्रिलोकी राधेश्याम ध्रुव, खिलावन बघेल, ढेलु निषाद, राशि महिलांग, अमर चंद्राकर, सती चंद्राकर, यतेंद्र साहू, सत्यभान जेंड्रे, गिरधर आवड़े, सरपंच उषा राजेश साहू, संतोष साहू, योगेश चंद्राकर,पंकज चंद्राकर, वेदप्रकाश साहू, मनीष साहू, मनोज साहू, तेजराम साहू, भारत साहू, चंद्रशेखर चंद्राकर, निखिल चंद्राकर, राजेश साहू आदि मौजूद थे।