महासमुन्द

पुलिस ब्याज में रुपए लेन-देन की दिशा में पड़ताल कर रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च। जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर ग्राम बम्हनी में अज्ञात लोगों ने एक महिला की शुक्रवार रात 8 बजे हत्या कर दी थी। इस मामले का आरोपी रविावर तक पकड़ सेबाहर है। घटना के वक्त महिला घर पर अकेली थी। महिला का नाम संतोषी बाई यादव पति परमानंद यादव है।
आरोपियों ने महिला पर नुकीले धारदार हथियार से इतना वार किया है कि उसका फेफड़ा फट गया और अतडिय़ां बाहर आ गई थीं। इसके अलावा आरोपियों ने महिला के शरीर पर कई जगहों पर 15 से अधिक बार वार किया। उसके सिर पर भी रॉड या अन्य हथियार से वार किया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि महिला की मौत अधिक खून बहने से घटना के पांच मिनट बाद हुई है। घटना के दौरान महिला की चीखने की आवाज सुनकर उसका देवर व पड़ोसी दरवाजा खोलकर अंदर घुसे तो देखा कि पीछे का दरवाजा खुला था और मृतका खून से लथपथ पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी नारद सूर्यवंशी, कोतवाली टीआई कुमारी चंद्राकर और साइबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत और उनकी टीम मौके पर पहुंची थी।
मौके की जांच और स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को एक से अधिक व्यक्तियों ने अंजाम दिया होगा। वहीं पुलिस के ट्रैकर डॉग से भी किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल पाई है। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर का कहना है कि घटना के संबंध में कोतवाली और साइबर की संयुक्त टीम गठित की गई है। फिलहाल ब्याज में रकम देने को लेकर पूर्व में हुए विवाद के एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर जो साक्ष्य जुटाए हैं, उसमें पता चला है कि महिला का स्वभाव बहुत अच्छा था। किसी से कोई विवाद नहीं था लेकिन ब्याज में रुपए देने का काम जरूर किया जाता था। कई लोग मृतिका के घर सुबह ब्याज में रुपए लेने आते थे। घटना के दिन भी कुछ लोग रुपए लेने के लिए आए थे। हत्या को देखकर लग रहा है कि रात को चोरी की नीयत से आरोपी घर में घुसे होंगे। क्योंकि घर में दो से ढ़ाई लाख रुपए नगद हमेशा रहता था।
जानकारी के अनुसार मृतका का पति रात में घर आता है। तब तक वह अकेले रहती थी। यह बात शायद आरोपियों को पता रही होगी। हमला होने पर महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर आए थे, यही कारण है कि आरोपी तत्काल फरार हो गए। घर में नगद और गहने रखे हुए हैं। मालूम हो कि महिला का पति परमानंद यादव जिला सहकारी बैंक में चपरासी के पद पर पदस्थ है। रोज की तरह वह शुक्रवार की सुबह 10 बजे ड्यूटी पर गया था। इस दौरान उसकी पत्नी घर में अकेली थी। शाम 7.20 बजे मृतिका संतोषी ने गांव के तोरण यादव के फोन से परमानंद को फोन किया और मोबाइल में बैलेंस डलवाने कहा। इसके बाद 8.20 को परमानंद को उसके छोटे भाई राजू यादव ने फोन कर जल्दी घर आने को कहा। जब वह घर पहुंचा तो आंगन में पत्नी संतोषी की खून से लथपथ पड़ी हुई थी।
(मृतका के शरीर में हत्यारों ने कई जगह वार किया है। हत्यारों ने इस घटना को नुकीले धारदार हथियार से अंजाम दिया है, जिसकी लंबाई 15 इंच से अधिक होने की संभावना है। दाहिने छाती में तीन से चार बार वार करते हुए सीधे चाकू घोंपा गया है। इसमें से एक वार सीधे फेफड़ा तक पहुंचा है। इसके कारण महिला का फेफड़ा फट गया। वहीं दूसरा बड़ा वार बाएं पेट पर है, जो तिरछा है। इसमें करीब 10 इंच तक नुकीला धारदार हथियार घुसकर बाहर आया है। जिसकी वजह से अंतड़ी भी बाहर आ गई है। घटना के कुछ ही मिनटों के बाद मृतका ने दम तोड़ दिया है। अधिक खून बहने की वजह से महिला की मौत हुई है। शार्ट पीएम में यही पता चला है। मृतका को अस्पताल लाने के बाद उसका एक्स.रे भी कराया गया है, लेकिन उसमें कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पीएम रिपोर्ट तैयार करने में समय लगेगा। विभिन्न पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार करना है-डॉ. डी पटेल।