महासमुन्द

बागबाहरा में वित्तीय क्रांति की शुरुआत, 33 हजार महिलाओं की आर्थिक ताकत को मिला विस्तार
15-Feb-2026 8:21 PM
बागबाहरा में वित्तीय क्रांति की शुरुआत, 33 हजार महिलाओं की आर्थिक ताकत को मिला विस्तार

शिविर में 118.50 लाख के ऋ ण स्वीकृति पत्र वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 15 फरवरी। जनपद पंचायत बागबाहरा में गत दिनों राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों एवं उनके सदस्यों के लिए बैंकिंग व वित्तीय कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में महिला समूहों को सामूहिक बैंक लिंकेज ऋण, व्यक्तिगत इंटरप्राइजेज लोन तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़े हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में महिलाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ-साथ आधुनिक डिजिटल व्यवसाय से जुडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की नारी सशक्त और आत्मनिर्भर है। एक समय था जब महिलाएं घर से बाहर निकलने में संकोच करती थीं, लेकिन आज महिलाएं स्वयं बैंक जाकर लेन-देन करती हैं, व्यवसाय संचालित करती हैं और डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि सभी महिलाएं शासन की योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लें तथा किसी भी प्रकार से साहूकारों के चंगुल में न फंसें। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में बिहान योजना के माध्यम से आजीविका गतिविधियों को सशक्त रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि बागबाहरा विकासखंड में 2900 से अधिक महिला समूहों से 33000 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। यह एक बड़ी आर्थिक शक्ति है, जिसे संगठित कर बाजार से जोडऩे की आवश्यकता है। उन्होंने समूह उत्पादों के ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर भी विशेष जोर दिया।

वित्तीय कैंप में 42 स्व सहायता समूहों को एक करोड़ 10 लाख रुपए का बैंक लिंकेज ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 6 महिला सदस्यों को 8 लाख 50 हजार रुपए का व्यक्तिगत इंटरप्राइजेज लोन स्वीकृत किया गया। इस प्रकार कुल 49 प्रकरणों में 118 लाख 50 हजार रुपए के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनहरन लाल मंडावी, जनपद सदस्य राहुल चन्द्राकर,भूपेंद्र मोंटू दीवान, बलराम ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, सरपंच पद्मिनी बांधे पतेरापाली, सरपंच एडिशन ठाकुर बाघामुड़ा, भीमखोज के भेखराम, जनपद से जीआर बरिहा डीईओ, एकलदेव निषाद एडीईओ, शिवम नगारची एरिया कोऑर्डिनेटर तथा बिहान कैडर सहित बड़ी संख्या में महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

वित्तीय कैंप के माध्यम से महिलाओं में आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा देखने को मिली और यह कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


अन्य पोस्ट