महासमुन्द

श्रीराम के आदर्शों को जीवन में करें आत्मसात-कौशल्या
15-Feb-2026 4:23 PM
 श्रीराम के आदर्शों को जीवन में करें आत्मसात-कौशल्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 फरवरी।
खल्लारी विधानसभा अंतर्गत ग्राम डोकरपाली में आयोजित त्रि-दिवसीय रामायण कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय कंवर समाज की अध्यक्ष कौशल्या देवी साय ने किया।
शुभारंभ अवसर पर कौशल्या देवी साय ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामायण भारतीय संस्कृति, मर्यादा, कर्तव्यपरायणता और आदर्श जीवन का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या छल के माध्यम से होने वाला धर्मांतरण समाज में विघटन उत्पन्न करता है। इसलिए समाज को जागरूक एवं संगठित रहना आवश्यक है।
भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि आदर्श शासन, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का मार्गदर्शन करने वाला ग्रंथ है। भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।

पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि रामायण हमारे भारतीय समाज की आत्मा है। भगवान श्रीराम ने त्याग, सत्य, तपस्या और न्याय के माध्यम से आदर्श जीवन की स्थापना की। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस अवसर पर अलका चंद्राकर, रवि फरोदिया, धनंजय साहू, जानवी साहू आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट