महासमुन्द
महासमुंद,15 फरवरी। सोरिद मार्ग पर राह चलते व्यक्ति से मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद कर ली गई है।
मिली जानकारी के अनुसारए प्रार्थी लिलेश पाल सोरिद ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 फरवरी की रात करीब 7.30 बजे जब वह काम से घर लौट रहा था, तभी नयापारा नर्सरी के पास तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वे प्रार्थी का मोबाइल और नगद 4 हजार 800 रुपए लूटकर फरार हो गए। शिकायत दर्ज होते ही महासमुंद पुलिस ने धारा 296, 115-2, 351-3 और 308 ;2द्ध बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की तो तीन नाबालिग निकले। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 2 मोबाइल, घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की पैशन प्रो मोटर साइकिल जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है, बरामद किया है। पकड़े गए तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह महासमुंद भेज दिया गया है।


