महासमुन्द

बगारपाली क्षेत्र में मृत जंगली सूअरों की संख्या 15 पहुंची
14-Feb-2026 4:14 PM
बगारपाली क्षेत्र में मृत जंगली सूअरों की संख्या 15 पहुंची

पिथौरा, 14 फरवरी। वन परिक्षेत्र पिथौरा के बगारपाली क्षेत्र में मृत जंगली सूअरों की संख्या 15 पहुंच गयी है, जंगल तलाशी के दौरान अलग अलग क्षेत्रों में मृत सूअरों के शव मिल रहे है, जिसे वन विभाग पंचनामा एवं पोस्टमॉर्टम के बाद जलाने का कार्य कर रहा है। सूअरों की मौत का सही कारण अब तक सामने नहीं आया है, परन्तु पहले जाहरखुरानी की आशंका के बाद अब किसी महामारी की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।

 मिली जानकारी के अनुसाऱ परिक्षेत्र में वन आमले की लापरवाही से पहले लाखों के सागौन काट डाले गए अब वनों की सुंदरता माने जाने वाले वन्य प्राणियों की मौत से पिथौरा वन परिक्षेत्र के साथ महासमुंद जिला चर्चा में आ गया है। दोनों ही मामलों में एक एक वन रक्षकों को निलंबित कर मामला निपटाने के प्रयास किये गए है परन्तु बगारपाली क्षेत्र में लगातार मर रहे जंगली सूअरों की खबरों नें वन विभाग की कार्यशाली पर ही प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। जानकारों के अनुसार निष्क्रिय वन आमले को यदि जंगली सूअर की पहली मौत पर ही उचित कार्यवाही कर दी जाती तो चाहे वह संभावित जहर खुरानी का मामला हो या महामारी इसका पता चल जाता और इतनी बड़ी संख्या में वन्य प्राणियों की मौत नहीं होती। बहरहाल क्षेत्र में वन्य प्राणी जंगली सूअर की रहस्यमयी मौतों का पता लगाने वन विभाग जुटा है।

जंगल सफारी टीम का दौरा स्वाइन फ़्लू की आशंका

 दूसरी और वन विभाग सूत्रों नें बताया कि पूर्व में मृत जंगली सूअर पूरी तरह सडग़ल गए थे लिहाजा पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट में वास्तविकता सामने नहीं आ रही थी परन्तु दो दिन पूर्व ही तालाब के पास एक मृत सूअर मिला जिसकी जाँच के लिए रायपुर के जंगल सफारी कि टीम को बुलाया गया था। टीम नें ताज़ा मृत सुअर में स्वाइन फ़्लू कि आशंका व्यक्त करते हुए बिसरा निकालकर जाँच हेतु बरेली एवं जबलपुर के लेब में भेजा गया है। बहरहाल अब बिसरा रिपोर्ट के अनुसार ही सूअरों के उपचार के प्रयास किये जाएंगे।


अन्य पोस्ट