महासमुन्द
महासमुंद,13 फरवरी। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती के अवसर पर ग्राम अछोला में शासकीय आयुर्वेद औषधालय भोरिंग द्वारा एक दिवसीय आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन 11 फरवरी को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर थीं। अध्यक्षता सरपंच संतोष कुमार साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में उप सरपंच विश्वनाथ धीवर व पंचगण उपस्थित थे। शिविर में लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कर औषधि का वितरण किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि सृष्टि ने आयुष विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद से बड़े से बड़े असाध्य रोगों का उपचार संभव है। आयुर्वेदिक दवाओं में रोगों को जड़ से समाप्त करने की क्षमता होती है।
कार्यक्रम के अंत में लोगों को आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण किया गया। इस अवसर पर अरुण चंद्राकर, आयुष विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


