महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 फरवरी। बलौदाबाजार जिले के वन परिक्षेत्र कोठारी अंतर्गत एक वृद्ध की हाथी के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनाराम बरिहा निवासी कोठारी बलौदाबाजार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को सोनाराम बरिहा मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे, इसी दौरान उनका सामना जंगली हाथी से हो गया, जहां हाथी के हमले से उनकी मृत्यु हो गई।
वन विभाग के अनुसार घटना से पूर्व क्षेत्र में हाथी की उपस्थिति की जानकारी संबंधित गांवों को दी जा रही थी। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि घटना से पहले वन रक्षक कमलेश्वरी पैकरा द्वारा संबंधित ग्राम में हाथी की मौजूदगी की सूचना दी गई थी और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई थी।
वन विभाग के अनुसार ग्रामीणों को समझाइश देने के लिए बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें हाथी विचरण क्षेत्र में प्रवेश न करने के निर्देश दिए गए थे। चरवाहों को भी ऐसे क्षेत्रों में न जाने के लिए कहा गया था। इसके अलावा ग्रामीणों को सतर्क करने के उद्देश्य से गांव में मुनादी भी कराई गई थी।वन विभाग का कहना है कि इन सूचनाओं और निर्देशों के बावजूद मृतक द्वारा हाथी विचरण क्षेत्र में प्रवेश किया गया, जहां यह घटना हुई।
तात्कालिक सहायता प्रदान
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25,000 रुपये परिक्षेत्र अधिकारी कोठारी के माध्यम से प्रदान किए गए हैं। विभाग ने बताया कि प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने एक बार फिर क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी विचरण क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें, विभागीय निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


