महासमुन्द

130 केन्द्रों में धान रखने की जगह नहीं, खरीदी रोकने की नौबत
23-Dec-2025 4:04 PM
130 केन्द्रों में धान रखने की जगह नहीं, खरीदी रोकने की नौबत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 23 दिसंबर। जिले में धान खरीदी शुरु हुए 35 दिन बीत चुके हैं। लेकिन अब तक केन्द्रों से समय पर धान का उठाव नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि खरीदे गए धान को रखने केन्द्र में जगह नहीं बची है। अगले दो दिनों में उठाव शुरू नहीं हुआ तो धान खरीदी बीच में रोकने की नौबत आ जाएगी।

खरीदी केन्द्रों के चबूतरे फुल हो गए हैं। धान के उठाव में अभी 2-3 दिन लग सकते हैं। ऐसे में खरीदे गए धान को जमीन पर बोरी में घूंसी रखकर स्टेक करके रखना ही एकमात्र विकल्प है। है। एक-दो दिन में धान का उठाव नहीं हो पाया तो 100 से ज्यादा केन्द्रों में धान खरीदी प्रभावित हो सकती है। केन्द्र प्रभारियों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। धान रखने जगह नहीं होने से अफसरों ने केन्द्र के आसपास के खाली मैदान में खरीदी किए जाने को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब तक 182 केन्द्रों में 36 लाख 10 हजार 720 क्विंटल खरीदी हुई है।

 

केवल 4 लाख 41 क्विंटल धान का ही उठाव सभी केन्द्रों से हुआ है। जबकि धान के उठाव का 7 लाख 10 हजार क्विंटल का डीओ कट चुका है। उसके बावजूद अब तक उठाव में तेजी नहीं आई है। क्योंकि अधिकतर केन्द्रों में 15-20 हजार क्विंटल से ज्यादा धान डंप है। इधर जिले में 5567 ऐसे किसान है, जिनका रकबा कम, त्रुटी समेत अन्य समस्याएं हैं। इनका अब तक सुधार नहीं किया जा सका है। ऐसे में किसान धान मिंजाई के बाद रखे धान को 20 दिन बाद भी नहीं बेच पा रहे हैं। सूखत आने से किसान चिंतित हैं। गौरतलब है कि बेमचा खरीदी केन्द्र के बगल से नहर गुजरी हुई है। 5 जनवरी को नहर से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा। यहां 40 गांवों में पानी पहुंचता है। नहर के सीपेज का पानी खरीदी केन्द्र तक पहुंच जाता है। यहां खरीदे गए धान को रखने की जगह नहीं होने के कारण जमीन में रखा जाएगा। इससे खरीदे गए धान को भीगने से नुकसान होने की संभावना है। कई ऐसे केन्द्रों भी जहां टोकन लिमिट नहीं बढ़ाने से किसान परेशान हैं। बसना के सिरको धान खरीदी केन्द्र में बफर लिमिट 2 गुना से अधिक है। यहां खरीदी में दिक्कतें आ रही है। बफर लिमिट 7200 है। अब तक यहां 17000 क्विंटल धान खरीदी की गई है।

जिला नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने कहा कि खरीदी केन्द्र से धान का उठाव किया जा रहा है। धान रखने की जगह नहीं होने के कारण खरीदी में दिक्कतें न हो इसके लिए केन्द्र के आसपास के खाली जगह में धान खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट