महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,26 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी महासमुंद के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान राष्ट्रदृष्टा थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सुशासन को समर्पित रहा। अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति में शुचिता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता का प्रतीक था।
श्री साहू ने कहा कि अटल जी ने विषम परिस्थितियों में भी देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने राजनीति में मर्यादा, संवाद और सहमति की परंपरा को सुदृढ़ किया। विपक्ष के प्रति सम्मान, लोकतंत्र के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना उनके नेतृत्व की विशेष पहचान रही। उन्होंने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत को सामरिक रूप से सशक्त बनाया गया। वहीं स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना जैसी योजनाओं ने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान की। इन योजनाओं से आर्थिक विकास को गति मिली और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
जिलाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि अटल जी की विदेश नीति संतुलित,दूरदर्शी और राष्ट्रहित पर आधारित थी। पड़ोसी देशों के साथ संवाद,विशेषकर बस यात्रा के माध्यम से शांति का संदेश देना, उनके उदार किंतु दृढ़ नेतृत्व को दर्शाता है। वे शांति के पक्षधर थे, परंतु देश की सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं किया।


