महासमुन्द

20 से ज्यादा गांवों के किसानों ने रैली निकाली, विरोध-प्रदर्शन
17-Dec-2025 3:31 PM
20 से ज्यादा गांवों के किसानों ने  रैली निकाली, विरोध-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17 दिसंबर।  मंगलवार को  20 से ज्यादा गांवों के नाराज किसानों ने करणी कृपा प्लांट के द्वारा किए गए अवैध कब्जा हटाने, सरकारी जमीन से कब्जा हटाने, छग महतारी की प्रतिमा को उखाडऩे वाले पर कार्रवाई, प्रदूषित धान की खरीदी, फसल का मुआवजा दिलाने समेत 11 मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

नगर में छग संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल दुबे के नेतृत्व में रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारी किसान नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टोरेट मेन गेट में किसानों को रोक लिया गया। इस दौरान नाराज किसानों ने वहीं पर ही बैठकर 5 घंटे तक प्रदर्शन किया।

 

शाम 5 बजे तहसीलदार जुगलकिशोर पटेल पहुंचे। किसानों की पांच मांगें धुंए से काले हुए धान की खरीदी करने, मुआवजा दिलाने, फैक्ट्री के अवैधानिक कार्यों पर रोक लगाने का आश्वासन दिया गया। तब कहीं जाकर किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया।  इस मौके पर लालाराम वर्मा, छन्नू लाल साहू, विमल ताम्रकार, नंदकुमार साहू, बृजबिहारी साहू, अशोक कश्यप, नाथूराम सिन्हा, बलराम साहू, लीलाधर पटेल, तोषण सिन्हा, अवध साहू, रुपसिंग निषाद, दीनदयाल साहू, धर्मेंद्र यादव,, दौलत ध्रुव, करण साहू, विसरु ध्रुव, दयाराम ध्रुव, बैशाखु सिन्हा, करण साहू, विसरु ध्रुव, दयाराम ध्रुव, बैशाखु सिन्हा, भोला साहू सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

यहां किसान बिसौहा यादव खैरझिटी ने बताया कि फैक्ट्री के बगल में ही 8 एकड़ जमीन है। खेत में धान की फसल लिया था। लेकिन 2 एकड़ का फसल बर्बाद हो गया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री का गंदा पानी सीधे खेत में छोड़ रहे है। इससे जमीन दलदल हो गई है। मवेशी इसमें फंस जाते है। कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। लोग निंदाई करने आने से कतराते हैंं।


अन्य पोस्ट