महासमुन्द

भाजपा ने गौठानों को बंद कर गौ वंशों को लाया सडक़ पर- विनोद
13-Sep-2024 4:21 PM
भाजपा ने गौठानों को बंद कर गौ वंशों को लाया सडक़ पर- विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर।
पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि गौ माता के नाम पर राजनीति के लिए प्रसिद्ध भारतीय जनता पार्टी की कथित सुशासन के सरकार ने आज गौ माताओं को सडक़ पर लाकर खड़ा कर दिया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गौ माता के नाम पर कभी राजनीति नहीं की। लेकिन, गौ माता की सेवा में उन्होंने उनके लिए एक निश्चित स्थान गौठान जरूर बनाया। ताकि, गौवंशी मवेशी सुरक्षित रह सकें। आज गौठानों को बंद करने के बाद से गाय, बैल, बछड़े सडक़ पर डेरा डाल रहे हैं। इसके चलते अनेक मवेशी बड़े वाहनों के चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बेजुबान मवेशियों को काल के गाल में धकेलने वाले भाजपा सरकार को गौ माता से हाथ जोडक़र क्षमा मांगनी चाहिए।

श्री चंद्राकर ने जारी बयान में कहा कि 9 माह से इन मवेशियों का कोई निश्चित ठिकाना नहीं है। पूर्व के 5 साल के कार्यकाल में गौवंशों को गोठान के माध्यम से चारा-पानी, तथा उनके लिए छांव की व्यवस्था भूपेश सरकार ने की। इसके लिए गौठानों में गौ पालकों से गोबर खरीदी की गई। जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त भी हुए। गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाकर समूह की महिलाओं को एक निश्चित आय का साधन मिला। गौठानों के माध्यम से पशुओं की सेवा कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों, गौ पालकों, समूह की महिलाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया। लेकिन, गौ वंशीय पशुओं सहित जनहित के इस महत्वपूर्ण योजना को भाजपा सरकार ने महज इसलिए बंद करवा दिया कि इसे कांग्रेस शासनकाल में बनाया गया। जिसकी चहूंओर सर्वत्र प्रशंसा हो रही थी।

श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि भाजपा के राजनीतिक द्वेष की सजा बेजुबान गौवंशों को भुगतना पड़ रहा है। 2 दिन पूर्व विगत 9 सितंबर को तोरला पड़ाव के पास नेशनल हाइवे में 9 गौवंशी पशु अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। जिसके चलते 5 पशुओं की मौत हो गई। तथा कई घायल हुए। इस मार्ग पर आए दिन गौवंशों को वाहनों द्वारा रौंदा जा रहा है। लेकिन, सरकार इस दिशा में आंख मूंदे बैठा है।
 


अन्य पोस्ट