महासमुन्द

स्कूली बच्चों में भाषा व गणितीय कौशल बढ़ाने अभियान जारी
16-Jan-2022 7:54 PM
स्कूली बच्चों में भाषा व गणितीय कौशल बढ़ाने अभियान जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 जनवरी।
सौ दिन भाषा और गणितीय कौशल के राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने 100 दिन को 14 सप्ताह में बांटकर भाषा और गणितीय कौशल पर विशेष केंद्रित करने के लिए अभियान चलाया है। जिस पर महासमुंद विकासखंड में वर्चुअल परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह अभियान 1 जनवरी से प्रारंभ है जो अप्रैल माह तक चलेगा। इन दिनों में अन्य सभी विषयों के साथ-साथ भाषा और गणित को विशेष ध्यान दिया जाएगा। भाषा के अंतर्गत पठन कौशल, लेखन कौशल और णित के अंतर्गत संख्याओं का ज्ञान संक्रियाएं आदि के विषय में बच्चों को त्वरित सिखाने का पुरजोर प्रयास किया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए शासन ने तीन स्तर तय किया है। स्तर एक आंगनबाड़ी से कक्षा दूसरी तक, स्तर दो कक्षा तीसरी से कक्षा पांचवी तक, स्तर 3 कक्षा छठवीं से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए है। इस अभियान में सहयोग करने के लिए शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों गांव शहर के जागरूक नागरिकों को स्वयंसेवी के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। पालक, बालक, शिक्षक और समुदाय के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने के लिए विकासखंड महासमुंद के सभी संकुल समन्वयक और सक्रिय पीएलसी सदस्यों की वर्चुअल बैठक हुई बैठक को संबोधित करते हुए ओम नारायण शर्मा जिला नोडल अधिकारी ने कहा कि 14 सप्ताह के कार्य योजनाओं को सप्ताह वार गतिविधि के आधार पर स्कूलों में लागू किया जाए। प्रत्येक सप्ताह में समीक्षा बैठक आयोजित कर समीक्षा किया जाए और विद्यार्थी विकास सूचकांक के आधार पर बच्चों में उपलब्धि कौशल लाया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए जागेश्वर सिन्हा बीआरसीसी महासमुंद ने कहा कि जो भी कार्य हम स्कूल स्तर पर जमीनी स्तर पर करते हैं उसका अनिवार्य रूप से सीजी स्कूल डाट इन के साइड में ऑनलाइन किया जाए। इस हेतु सप्ताहिक प्रविष्टि के लिए पोर्टल बना हुआ है। कार्यक्रम को विकासखंड नोडल राधेश्याम साहू, समन्वयक नीरज साहू, रसीद कुरैशी, सक्रिय पीएलसी खोरबाहरा सोनवानी, बलराम नेताम, योगेश कुमार निर्मलकर ने भी संबोधित किया।
 


अन्य पोस्ट