महासमुन्द

महासमुंद जिले में 1155 हेल्थ वर्कर, 496 फ्रंटलाइन, 305 बुजुर्ग वैक्सीनेटेड
11-Jan-2022 3:33 PM
महासमुंद जिले में 1155 हेल्थ वर्कर, 496 फ्रंटलाइन, 305 बुजुर्ग वैक्सीनेटेड

8 दिन में 41 हजार किशारों को लगा टीका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जनवरी।
महासमुंद जिले में कोविड से बचने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर अब बूस्टर डोज देने की शुरुआत हुई है। पहले चरण में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को, हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को बूस्टर डोज तीसरे डोज की वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। सोमवार से महासमुंद जिले में इसकी शुरुआत हो गई। कल पहले दिन 1956 लोगों को तीसरे डोज की वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल सोमवार को जिलेभर में 1956 लोगों को बूस्टर डोज दी गई है, जिनमें 1155 हेल्थ वर्कर्स,  496 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 305 लोग शामिल हैं। अधिकारियों की मानें तो तीसरे डोज की वैक्सीन के लिए भी लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

जिले में वैक्सीनेशन को लेकर किशोरों में जमकर उत्साह देखने को मिल रहा है। स्कूलों के साथ ही अब ऐसे किशोरों को भी वैक्सीन लगाई जा रही है, जो स्कूल छोड़ चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 15 से 18 वर्ष तक के 41 हजार किशोरों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। कल सोमवार को इस टार्गेट ग्रुप के 1200 किशोरों को वैक्सीन लगाई गई है। 15 से 18 वर्ष के किशोरों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत इसी साल 3 जनवरी से हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 8 दिन में ही जिलेभर के स्कूलों में शिविर लगाकर 41 हजार बच्चों को वैक्सीनेटेड किया है।

मंगलवार को जिलेभर के 15-18 वर्ष के किशोरों को वैक्सीनेटेड करने के लिए 128 टीकाकरण केंद्रों में न्यूनतम 120 के लक्ष्य से टीकाकरण किया जा रहा है। शाला त्यागी बच्चों के घर तक टीम जाएगी। इसके अलावा बूस्टर डोज के लिए भी अलग शिविर लगाया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट