महासमुन्द

किसानों के साथ-साथ समिति प्रबंधकों की मुश्किलें बढ़ीं
धान खरीदी के लिए मात्र 13 दिन ही शेष, दो दिनों तक बारिश की संभावना, फड़ सूखने में भी लगेगा समय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जनवरी। सोमवार से जारी तेज बारिश के चलते जिले में धान खरीदी एक बार फिर से प्रभावित हो गई है। चर्चा है कि इसका प्रभाव अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है। बारिश के चलते सोमवार से जिले के 146 उपार्जन केंद्रों में धान की खरीदी नहीं हुई है। सोमवार को जिन जिन किसानों का टोकन कटा था वे, अपना धान नहीं बेच पाए। ऐसे किसानों को अब दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। इस बारिश ने किसानों के साथ-साथ समिति प्रबंधकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान खरीदी के लिए मात्र 13 दिन ही शेष रह गए हैं और आगामी दो दिनों तक बारिश होने की संभावना है। फिर इसके बाद फड़ सूखने में भी समय लग सकता है।
इस मामले में जिला खाद्य अधिकारी नितीश त्रिवेदी ने बताया कि वर्तमान में खरीदी की प्रक्रिया बेहतर चल रही थी और उठाव की रफ्तार में भी तेजी आई थी। कल से हो रही बारिश के चलते ये दोनों कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते जिले के सभी पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी पूरी कर ली जाएगी। वर्तमान में रोजाना 2.50 लाख क्विंटल की क्षमता से खरीदी हो रही थी। अब इसे बढ़ाकर पौने तीन लाख कर दिया जाएगा। इससे पूरी खरीदी समय पर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश समाप्त होते ही उठाव एक बार फिर से तेजी से कराया जाएगा। कल से हो रही बारिश से धान भीगने की समस्या नहीं आई है। क्योंकि बारिश की सूचना पर पहले से ही समितियों ने तैयारियां कर ली थीं।
बारिश के चलते कल सोमवार से धान खरीदी प्रभावित है। इस समय किसान केंद्र नहीं पहुंच रहे हैं। जिले में अभी भी 37 हजार से अधिक किसानों से धान खरीदा जाना है। खाद्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिले में अब भी 37782 किसानों से धान की खरीदी करनी है। इनसे लक्ष्य के अनुरूप 34 लाख 27 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जानी है। आगामी दिनों में रोजाना पौने तीन क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इससे निर्धारित समय में लक्ष्य के अनुरूप धान की खरीदी हो पाएगी।