महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जनवरी। खरीदी केंद्रों से धान उठाव की रफ्तार धीमी होने से नाराज सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ ने 10 जनवरी को धान खरीदी का बहिष्कार करने का निर्णय वापस ले लिया है। ऐसे में आज सोमवार को सभी केंद्रों में खरीदी पहले की तरह ही जारी है।
खरीदी के कम दिन शेष होने के कारण किसानों को होने वाली समस्याओं को देखते हुए संघ ने यह आंदोलन रद्द किया है। इस वक्त प्रशासन ने भी चेतावनी के बाद उठाव की रफ्तार को बढ़ाया है। पिछले चार दिनों में पांच लाख क्विंटल धान का उठाव हुआ है। इसकी वजह से फिलहाल खरीदी कार्य का बहिष्कार नहीं किया जाएगा।
जानकारी जिला सहकारी समिति महासंघ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने बताया कि कल रविवार की दोपहर महासंघ की वर्चुअल बैठक आयोजित कर जिले की समितियों की समीक्षा की गई। इसमें सरायपाली, बसना, पिथौरा, झलप, महासमुंद, कोमाखान, बागबाहरा, सांकरा के पदाधिकारियों ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए बहिष्कार नहीं करने की बात पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि धान खरीदी में गिनती के चौदह दिन शेष बचे हैं। इन दिनों में सभी पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाना बड़ी समस्या है। कल इस हेतु आयोजित एक वर्चुअल बैठक में भेखलाल यादव, लोकेश कुमार साहू, तुलाराम ध्रुव, विजय कोसरे, गुलाब नायक, रामकृष्ण मने, ईश्वर पटेल, भोज राम साहू, रतन साहू सहित संघ के पदाधिकारी शामिल थे।