महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर। राज्य सरकार के तीन साल पूरा होने पर महासमुंद जिले में छायाचित्र प्रदर्शनी का सिलसिला जारी है। कल जिले के पिथौरा विकासखण्ड मुख्यालय में सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र विकास प्रदर्शनी लगायी गयी। प्रदर्शनी का अवलोकन मुख्यालय में स्थानीय नागरिकों के अलावा बाजार करने और सरकारी कामकाज के लिए गांव से आए ग्रामीणों बैनी प्रताप, दया प्रसाद रत्नाकर, कांति लाल, देव कुमार बारिक, प्रेमलाल भोई, थानवार सिंह ठाकुर, मनिहार सिंह आदि ने भी प्रदर्शनी देखी और उसकी सराहना की।
प्रदर्शनी स्थल पर छत्तीसगढ़ मासिक पत्रिका जनमन और अन्य प्रचार सामग्री का भी नि:शुल्क वितरण किया गया। जिसे उन्होंने बहुत ही उपयोगी बताया। प्रदर्शनी तहसील परिसर मेें लगायी गयी थी।
इससे पहले जिला मुख्यालय महासमुंद में 17 दिसंबर को दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। राज्य सरकार के तीन साल की योजना उपलब्धियों पर आधारित एक दिवसीय छायात्रित विकास प्रदर्शनी जिले के सभी विकासखण्डों में लगायी जा रही है। प्रदर्शनी और स्थल पर नि:शुल्क वितरित की जाने वाली प्रचार सामग्री प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ ही खेती किसानी करने वाले किसान और श्रमिकों के लिए भी उपयोगी है। जहां एक साथ सभी विभागों की महत्वपूर्ण योजना और उपलब्धियां मय आंकड़ों सहित प्रदर्शित की गयी है। प्रचार सामग्री में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का समावेश है। जिससे नागरिक लाभ उठा सकते है।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री किसान न्याय योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, स्वास्थ्य योजनाएं, वनोपज, बिजली बिल हाफ योजना, श्रम सम्मान-श्रमिकों को सुविधाओं के नए आयाम, वनोपज से वन आश्रितों के जीवन में बहार, युवाओं को नए रोजगार के अवसर, छत्तीसगढ़ी तीज त्यौहारों पर नए सार्वजनिक अवकाश, नारी सशक्तिकरण के नए कदम, रोका-छेका अभियान, गोधन न्याय योजना, जल जीवन मिशन, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, जन स्वास्थ्य के बड़े कदम, सुराजी गांव योजना, छत्तीसगढ़ महतारी दुलार योजना, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर के तहत सस्ती दवाइयों की उपलब्धता आदि की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गयी है।