महासमुन्द

बारिश के आसार के बीच जिले की कई समितियों में बफर स्टॉक 8.24 लाख क्विंटल धान जाम, धीमी उठाव
28-Dec-2021 4:32 PM
बारिश के आसार के बीच जिले की कई समितियों में बफर स्टॉक 8.24 लाख क्विंटल धान जाम, धीमी उठाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर।
प्रदेशभर में धान खरीदी शुरू हुए 27 दिन हो बीत हैं। इस अवधि में जिले के 90 हजार किसानों से कुल 35.18 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है, जबकि इसके एवज में उठाव केवल 9.85 लाख क्विंटल धान का ही हो पाया है। यही कारण है कि अब जिलेभर की समितियों में धान जाम होते जा रहा है। वर्तमान में महासमुंद जिले में 108 समितियां ऐसी है, जहां क्षमता से ज्यादा यानी बफर लिमिट से अधिक धान जाम है। इन समितियों की बफर लिमिट 8.24 लाख क्विंटल धान की है। लेकिन वर्तमान में इन केंद्रों में कुल 13.47 लाख क्विंटल धान का जमाव है। इस तरह महासमुंद की 108 समितियों में क्षमता से 5.23 लाख क्विंटल अधिक 163.47 फ ीसदी धाम जमा हो चुका है।

समितियों की मानें तो धान के उठाव की रफ्तार धीमी है और डीओ भी देर से जारी हो रही है। इसके चलते समितियों में धान स्टेक करने के लिए जगह नहीं बच रही है। जबकि जिले के विपणन विभाग का दावा है कि वर्तमान में रोजाना 80 हजार क्विंटल की औसत से धान का उठाव हो रहा है। जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी ने कहा कि उठाव तेजी से किया जा रहा है। मिलिंग कार्य के अलावा संग्रहण केंद्रों के लिए भी धान का उठाव जारी है।

बताना जरूरी है कि मौसम में आए बदलाव के कारण समितियों की चिंता एक बार फि र से बढ़ गई है। कल सोमवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे, आज भी सुबह से मौसम साफ नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती घेरे के रूप में उत्तर हरियाणा और उसके आसपास मौजूद है। इसके असर से आज मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वर्षा के मुख्य क्षेत्र सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग के पश्चिमी भाग और दुर्ग संभाग तथा बिलासपुर संभाग से लगने वाले जिले हैं।

जिले के नरतोरा सोसायटी में बफर लिमिट 13000 क्विंटल तय है, लेकिन वर्तमान में यहां कुल 22898 क्विंटल धाम जमा है। लिमिट से अधिक धान होने के कारण किसानों से खरीदे गए धान यूं ही खुले में पड़ा हुआ है। धान खरीदी केंद्र पटेवा में अब तक 30 हजार क्विंटल धान की खरीदी गई है। इस केंद्र की क्षमता 11020 क्विंटल है लेकिन यहां 20389.20 क्विंटल धान जाम है। इसी तरह सराईपाली केंद्र में 6500 बफर लिमिट तय है। जबकि यहां 10545.20 क्विंटल धान जाम है। अब तक केवल 3500 क्विंटल धान का ही उठाव हुआ है। आगामी दिनों में बारिश के आसार हैं और उठाव के लिए डीओ भी नहीं काटा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र अछोला में रोजाना 3300 क्विंटल की खरीदी हो रही है। इसके चलते धाम जाम हो गया है। वर्तमान में 25800 क्विंटल की खरीदी हो चुकी है जिसमें से 20158.40 क्विंटल धान का स्टॉक है। जबकि समिति की बफर लिमिट 11813 क्विंटल है। इसी तरह बम्हनी धान खरीदी केंद्र बफ र स्टॉक 5600 क्विंटल का है और कुल 7695 क्विंटल धान रखा हुआ है। आज-कल में डीओ कटने की उम्मीद है। यहां बारिश की संभावनाओं को देखते हुए भी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
 


अन्य पोस्ट