महासमुन्द

सशिमं में गणित मेला, कई स्पर्धाएं
23-Dec-2021 6:10 PM
सशिमं में गणित मेला, कई स्पर्धाएं

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 23 दिसंबर। सागरचंद अग्रवाल स्मृति शिक्षा समिति, बागबाहरा द्वारा संचालित स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास अयंगर रामानुजन की जयंती पर ‘‘गणित मेला’’ का आयोजन किया गया।

विद्यालय के गणित विभाग प्रभारी संजय बर्वे एवं अनिमेष शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 22 दिसंबर को महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवासन रामानुजन की जयंती पर गणित मेला का कार्यक्रम रखा गया था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायपुर के महासमुंद जिला प्रतिनिधि एवं विद्यालय संचालन समिति के सदस्य अनिल पुरोहित, अध्यक्ष के रूप में विद्यालय संचालन समिति के व्यवस्थापक/सचिव राहुल अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला मंत्री एवं विद्यालय के पूर्व-छात्र ऐश्वर्य पुरोहित एवं सशिमं के प्राचार्य राजेन्द्र कुमार पाण्डेय रहे। प्रारंभ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, ओम, भारत-माता एवं श्रीनिवास रामानुजन के छायाचित्र का पूजन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस कार्यक्रम के अन्तर्गत गणित चार्ट, पोस्टर, मॉडल, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी, प्रश्नोत्तरी, पहाड़ा बोलना, उल्टी गिनती गणितीय व्यंजन विधाओं पर प्रतियोगिता आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में गणितीय कविता, गणित चालीसा, गणित पत्र वाचन एवं श्रीनिवास रामानुजन की जीवनी का पाठन भैया-बहिनों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की विभिन्न विधाओं की हुई स्पर्धाओं में 171 विद्यार्थी सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विद्यालय संचालन समिति के व्यवस्थापक राहुल अग्रवाल ने श्रीनिवास रामानुजन के व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेकर गणित विषय के प्रति रुचि पैदा करने हेतु प्रेरित किया और अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव को साझा किया।

कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि ऐश्वर्य पुरोहित एवं प्राचार्य श्री पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य संजय बर्वे द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी आचार्य दीदियों, किशोर भारती एवं कन्याभारती के पदाधिकारियों तथा गणित एवं विज्ञान परिषद के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


अन्य पोस्ट