महासमुन्द

रबी सीजन की खेती शुरू, इस बार किसान फसल परिवर्तन के मूड में
19-Dec-2021 4:41 PM
रबी सीजन की खेती शुरू, इस बार किसान फसल परिवर्तन के मूड में

इस बार गेंहू 1024 हेक्टेयर, मंूग 113 हे., दलहन 938 हे., चना 938 हे., तिलहन 495 हे., धान 206 हे. में ली गई है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 दिसंबर।
महासमुंद जिले में रबी सीजन की खेती किसानी का काम शुरू हो रहा है। इस बार रबी खेती करने वाले किसान फसल परिवर्तन के मूड में हैं।
कृषि विभाग के आकड़ों के अनुसार इस बार गेंहू 1024 हेक्टेयर, मंूग 113 हे., दलहन 938 हे., चना 938 हे., तिलहन 495 हे., धान 206 हे. में किसानों ने ली है। पिछले साल केवल 1500 हेक्टेरयर में ली थी। इस साल अभी धान का रकबा सिर्फ 206 हेक्टेयर में बोई गई है। इस तरह इस साल रबी सीजन में दलहन-तिलहन की फसल दोगुना रकबे में है।

मालूम हो कि हर साल प्रशासन किसानों को रबी सीजन में दलहन तिलहन लेने के लिए प्रोत्साहित करता है ताकि पानी बचत हो और निस्तारी संकट न हो। इस साल भी किसानों ने देखा कि जलाशयों में पानी कम है। प्रशासन ने भी रबी सीजन मेंं पानी से मना कर दिया है। अत: किसानों ने खुद ही फसल चक्र परिवर्तन कर लिया। लिहाजा इस साल 3564 हेक्टेयर में गेंहू और दलहन तिलहन की फसल ले रहे हैं। पिछले साल यह रकबा केवल 1500 हेक्टेयर था।

कृषि विभाग के प्रभारी उप संचालक अमित मोहंती के मुताबिक रबी सीजन में इस साल धान का रकबा कम होगा, क्योंकि अभी तक मात्र 206 हेक्टेयर में धान की बोनी हुई है। पिछले तीन चार सालों में धान की फसल को छोडक़र दलहन, तिलहन, गेंहू, मक्का, मूंगफल्ली की फलस मात्र 1000-1500 हेक्टयेर में होती थी। इस बार अभी से किसानों ने करीब 3565 हेक्टेयर में इन फसलों की बोआई कर ली है। किसानों को कृषि विभाग के द्वारा इन फसलों को लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा। दिसंबर के बाद किसानों को धान की फसल नहीं लेने की सलाह दी जाएगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो इस वर्ष कोडार व जलाशय से सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जाएगा, पानी कम है।

एक्सपर्ट एसआर डोंगरे, रिटायर्ड कृषि उप संचालक के मुताबिक एक एकड़ धान की सिंचाई में जितना पानी लगता है उतने पानी में मक्के की सात एकड़ व दलहन व तिलहन की करीब 10 एकड़ फसल ली जा सकती है। किसानों को रबी सीजन में धान को छोडक़र अन्य फसल लेनी चाहिए। इससे खेत की मिट्टी भी उपजाऊ रहती है। जानकारी के मुताबिक इस साल कृषि विभाग को 38 हजार हेक्टेयर में गेंहू, दलहन, तिलहन, मंूग, चना सहित अन्य फसलों को लगाने का लक्ष्य मिला है।
 


अन्य पोस्ट