महासमुन्द

पराली जलाते पास के खेतों में खड़ी फसल जलकर खाक
18-Dec-2021 5:10 PM
पराली जलाते पास के खेतों में खड़ी फसल जलकर खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 दिसंबर।
महासमुंद खेत में फसल कटाई के बाद पराली जलाने के चलते पास के लगे खेत में खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। पराली जलाने के कारण बगल के खेत में धान की पक चुकी फसल पूरी तरह से जल गई। इससे किसान को 50 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है। किसान की शिकायत पर पुलिस ने पलारी जलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है।

मामला बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बंसुला के बोहारखार का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बंसुला निवासी जलंधर साव, पिता हलधर साव का गांव के बोहारखार में 4 खेत है, जो करीब 2 एकड़ है। जलंधर ने इस वर्ष खेत में धान की फसल ली थी जो पूरी तरह से पककर तैयार और काटने योग्य था। गुरुवार 16 दिसंबर को राजेश साव नामक किसान ने अपने खेत के पैरा में आग लगा दिया और छोडक़र चला गया। इसके बाद आग फैलकर जलंधर के खेत में पहुंची और खड़ी फसल को भी चपेट में ले लिया। इससे जलंधर के 2 खेत में खड़ी पूरी फसल जलकर खाक हो गई।

इस घटना में 2 खेत की आधी फसल जल चुकी है। इससे जलंधर को करीब 50 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है। इसी तरह जलंधर के अलावा उसके बगल में स्थित चैतराम साव के 60 डिसमिल खेत में भी खड़ी फसल पूरी तरह से जल चुकी है। प्रार्थी ने अपनी शिकायत में बताया कि राजेश साव अपने खेत की फसल काट चुका था। अगल-बगल के खेतों में फसल कटी नहीं थी। इसके बाद भी राजेश ने जानबूझकर अपने खेत के पैरा में आग लगाया। राजेश को खेत में आग लगाते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने देखा है। बहरहाल पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।
 


अन्य पोस्ट