महासमुन्द

कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र खल्लारी में धान बेचने पहुंचे किसानों को भोजन परोसा, खुद भी खाया
10-Dec-2021 6:43 PM
कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र खल्लारी में धान बेचने पहुंचे किसानों को भोजन परोसा, खुद भी खाया

समिति अध्यक्ष द्वारा किसानों के लिए की गई भोजन व्यवस्था को सराहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 दिसंबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखण्ड के धान उपार्जन केन्द्र खल्लारी, प्रदेश का एकमात्र ऐसा उपार्जन केन्द्र है, जहां पर 01 दिसम्बर 2021 से धान बेचने आने वाले किसानों, हमाल व उपार्जन में काम करने वाले श्रमिकों को प्रतिदिन नि:शुल्क में भरपेट भोजन खिलाने की व्यवस्था की गई है। जिले में धान उपार्जन केन्द्रों की सुचारू व्यवस्था के लिए लगातार धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर कलेक्टर श्री सिंह को इस बारे में जानकारी मिली तो कल वे धान उपार्जन केन्द्र खल्लारी पहुंचे। जहां समिति अध्यक्ष ग्राम कन्हारपुरी निवासी  विजय बंजारे द्वारा किसानों के लिए की गई भोजन व्यवस्था देखी।

 इस दौरान उन्होंने किसानों के लिए बनाए जा रहे भोजन, दाल, सब्जी इत्यादि का अवलोकन किया।  इस दौरान कलेक्टर ने किसानों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। कलेक्टर ने उनके द्वारा किए गए इस नेक पहल की काफी सराहना की। प्रदेश के मुख्य सचिव अभिताभ जैन भी उनके इस अच्छे और नेक कार्यों की तारीफ  की हैं।

उपार्जन समिति के अध्यक्ष विजय बंजारे ने कलेक्टर को बताया कि उनके पिता स्व. हीरालाल बंजारे पूर्व में समिति के अध्यक्ष थे। उनके साथ वे धान बेचने के लिए आया करते थे। जिससे वे किसानों की परेशानियों को अच्छी तरह से समझते हैं। आस.पास के किसान सबेरे 5 - 6बजे उठकर धान खरीदी केन्द्र में धान बेचने के लिए पहुंचते है और उन्हें अपनी बारी के साथ धान की तुलाई.भराई करते हुए शाम.रात हो जाती है। ऐसे में भूखे-प्यासे रहकर किसान अपनी धान को बेचते है। इसलिए उनके मन में किसानों को भोजन कराने का विचार आया। इसके लिए उन्होंने इस बारे में पहले से ही तैयारी कर रखे थे और 01 दिसंबर 2021 से प्रारम्भ हुई धान खरीदी के साथ ही किसानों के लिए धान खरीदी केन्द्र में ही भोजन की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर से रोजाना किसानों के साथ आने वाले 250 से 300 लोगों को यहां दोपहर का खाना स्वयं के खर्चे से करा रहे हैं। जिला मुख्यालय महासमुंद से लगभग 24 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खल्लारी सहकारी समिति में करीब 13 गांव के लगभग 2 हजार किसान पंजीकृत हैं।

खल्लारी सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष विजय बंजारे ने बताया कि वे पिछले 5 साल से समिति के अध्यक्ष पद पर हैं। उनकी इच्छा है कि वे आजीवन इस खल्लारी सहकारी समिति में किसानों के लिए नि:शुल्क भोजन कराते रहेंगे। 

उन्होंने बताया कि समिति में कुल 13 गांव के किसान धान बेचने आते है। इनमें खल्लारी, भीमखोज, जोरातराई, रैताल, कन्हारपुरी, कोमा, आमानारा, बोहलडीह, गाड़ाघाट, पतेरापाली, बीके बाहरा, आंवराडबरी और तोषगांव शामिल है। इनमें से जोरातराई, रैताल और पतेरापाली खरीदी केंद्र से 10 किमी की दूरी पर होने की वजह से किसानों को वापस अपने गांव.घर पहुंचने में रात हो जाती है। ऐसे किसानों के लिए यहां दोपहर भोजन की व्यवस्था एक बड़ी राहत है।


अन्य पोस्ट