महासमुन्द

नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी
13-Aug-2021 4:54 PM
नौकरी लगाने का  झांसा देकर ठगी

महासमुंद का युवा नेता गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अगस्त।
आयकर, पुलिस, खाद्य विभाग और बिजली कंपनी में नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले महासमुंद के युवा नेता को कबीरधाम जिले की कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवा नेता ने कबीरधाम जिले के दो अन्य लोगों के साथ मिलकर बेरोजगार युवाओं से करीब 22.99 लाख रुपए की ठगी की है। मामले का मास्टर माइंड त्रिलोक प्रताप सिंह मचेवा महासमुंद जिले का रहने वाला है।

त्रिलोक प्रताप छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी महासमुंद के पंचायतीराज विभाग का जिलाध्यक्ष रह चुका है। अपने इसी पॉलिटिकल स्टेटस और पार्टी नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों को दिखाकर आरोपी ठगी करने बेरोजगार युवाओं को झांसे में लेता था। मामला वर्ष 2017-18 का है। आरोपियों ने कबीरधाम जिले के अलग-अलग गांव के 10-12 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आयकर विभाग, पुलिस, खाद्य विभाग और बिजली कंपनी में नौकरी लगाने का झांसा दिया। सरकारी नौकरी पाने की चाहत में युवाओं ने रकम तो दे दिया लेकिन दो साल बाद भी नौकरी नहीं लगी। जब पीडि़त युवकों ने रकम वापस मांगा, तो कई महीने तक घूमाते रहा। 

पीडि़तों की शिकायत पर कबीरधाम जिले के कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत एफआईआर दर्ज है। मामले में पुलिस ने 26 जुलाई को दो अन्य आरोपी चिराग पाली और मुस्ताक खान को कबीरधाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। ये दोनों कबीरधाम जिले के महराजपुर थाना कवर्धा के निवासी हैं। 

पुलिस का कहना है कि ठगी का मास्टर माइंड त्रिलोक प्रताप सिंह अपने दो गुर्गों के जरिए बेरोजगार युवाओं को फंसाता था। आरोपी चिराग पाली और मुस्ताक खान दोनों कबीरधाम जिले के महराजपुर थाना कवर्धा के निवासी हैं। ये दोनों बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देते और मास्टर माइंड त्रिलोक से मिलवाते थे। त्रिलोक खुद को बड़ा नेता और मंत्रियों से अच्छी जान-पहचान होने की बात कहता। लोगों को यकीन दिलाने के लिए जनता कांग्रेस के सुप्रीमो स्व. अजीत जोगी, प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी व अन्य पार्टी नेताओं के साथ खिंचाई हुई अपनी तस्वीर दिखाता था।
 


अन्य पोस्ट