महासमुन्द

मुख्यमंत्री से मिले कांग्रेेसी, बांधों से पानी देने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अगस्त। अल्प वर्षा की स्थिति से महासमुंद जिले में अकाल की स्थिति बन रही है। बियासी के लिए खेतों में पानी की बेहद आवश्यकता है। बीज अनुसंधान उप समिति के संचालक दाऊलाल चंद्राकर ने ऐसी स्थिति में बांधों को खोलकर किसानों को पानी देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंटकर मांग की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निवास में महासमुंद जिले के कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री के साथ सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा किया। जिला अध्यक्ष डा.रश्मि चंद्राकर के नेतृत्व में जिलेभर से पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन सीएम निवास पहुंचे थे।
चर्चा के दौरान शासन की राजीव गांधी किसान न्याय योजनाए छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजनाए छत्तीसगढ़ खाद्य सुरक्षा, मनरेगा वनोपज संग्रह और खरीदी, नरवा गरवा घुरवा बारी जैसे महत्वकांक्षी योजना छ.ग. में कांग्रेस सरकार द्वारा लागू किया गया है। उन्होंने विसंगतियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री को बताया कि शासन की उपरोक्त लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में शासकीय मिशनरी ठीक से सहयोग नहीं कर पा रही है। पिथौरा, बसना क्षेत्र दुग्ध उत्पादक क्षेत्र है। यहां एक शीत गृह की आवश्यकता है। नरवा योजना के अंतर्गत नए चेकडेम, टारबांध के निर्माण के साथ पुराने अस्थाई टारबांधों को मरम्मत कर पुन: प्रारंभ भी किया जा सकता है।